Home » Palamu News : पलामू में मेयर के विजय जुलूस में सांसद की तबीयत अचानक बिगड़ी, चक्कर खाकर गिरे

Palamu News : पलामू में मेयर के विजय जुलूस में सांसद की तबीयत अचानक बिगड़ी, चक्कर खाकर गिरे

भाजपा समर्थित उम्मीदवार के विजय जुलूस में थे शामिल, खुली जीप में थे सवार

by Mujtaba Haider Rizvi
palamu mp
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu : पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम शनिवार को मेयर के विजय जुलूस के दौरान अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। यह घटना दोपहर करीब एक बजे मेदिनीनगर में हुई, जब वे भाजपा समर्थित मेयर अरुणा शंकर के विजय जुलूस में शामिल थे। सांसद एक खुली जीप में सवार थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।

घटना के बाद उन्हें तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य पाई गई और कुछ देर बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

उल्लेखनीय है कि नगर निकाय चुनाव को लेकर शुक्रवार को मेदिनीनगर स्थित जीएलए कॉलेज में मतगणना हुई थी। इसमें अरुणा शंकर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नम्रता त्रिपाठी को 3122 मतों से पराजित किया। अरुणा शंकर को 24169 वोट मिले, जबकि नम्रता त्रिपाठी को 21047 मत प्राप्त हुए।

जीत की खुशी में अरुणा शंकर ने दोपहर 12 बजे अपने आवास से बाजे-गाजे के साथ विजय जुलूस निकाला। इस जुलूस में सांसद बीडी राम के साथ उनकी बेटी स्मिता, विधायक आलोक चौरसिया और अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। जुलूस नावाटोली से सद्दीक मंजिल चौक होते हुए मुख्य बाजार की ओर बढ़ा।

जब जुलूस धर्मशाला रोड पहुंचा, तभी सांसद को चक्कर आ गया और वे गाड़ी में ही गिर पड़े। कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों और कार्यकर्ताओं ने तत्काल उन्हें संभाला और नावाटोली स्थित डॉ. राहुल अग्रवाल के अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल से लौटने के बाद सांसद अपने शांतिपुरी आवास चले गए। उन्होंने बताया कि तेज धूप के कारण अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उनकी अस्वस्थता की सूचना पर बड़ी संख्या में भाजपा नेता और समर्थक अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना। गौरतलब है कि विष्णु दयाल राम वर्ष 2014 से लगातार तीसरी बार पलामू लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं।

Read also Jugsalai Municipal Election : जुगसलाई से झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान की पत्नी नौशीन खान 720 मतों से विजयी

Related Articles

Leave a Comment