पलामू : झारखंड के पलामू जिले में शनिवार की देर रात कथित मॉब लिंचिंग की घटना सामने आई। पड़वा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव में बैटरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर इस तरह पीट दिया कि उसकी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक की पहचान मनोज राम के रूप में हुई है। वह पड़वा थाना क्षेत्र के मुरमा कोकरसा गांव का रहने वाला था।

क्या है घटना
तेलियाही गांव में एक ट्रैक्टर से बैटरी चोरी की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने एक युवक को संदिग्ध परिस्थिति में देखा और उसे पकड़ लिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने युवक को रस्सी से बांधकर उसकी जमकर पीटा। सूचना मिलते ही पड़वा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया। युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था। पुलिस ने तत्काल उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज-अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का क्या कहना है
थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि ग्रामीण एक युवक को चोरी के आरोप में पीट रहे हैं। पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचने पर युवक गंभीर रूप से घायल मिला। मॉब लिंचिंग की आशंका में कानूनी प्रक्रिया जारी है। मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read Also- SNA Sparsh : SNA स्पर्श-डीबीटी लागू करने की तैयारी तेज, विभागों से मांगी गई विस्तृत जानकारी

