Palamu: झारखंड के पलामू में नगर निकाय चुनाव से पहले जिला प्रशासन ने 09 असामाजिक तत्वों को जिला बदर कर दिया है। जिन लोगों को जिला बदर किया गया है, उनमें चैनपुर के गरदा का रहने वाला आसिफ अहमद उर्फ राजा खान, शाहपुर का रहने वाला अशफाक खान, वारिसनगर का रहने वाला हसनैन अंसारी और शाहपुर का रहने वाला फरहान कुरैशी उर्फ भोलू भी शामिल हैं।

इसके अलावा मेदिनी नगर टाउन थाना क्षेत्र के कुमार टोली का रहने वाला चंदन कुमार, चंद्रवंशी कांदू मोहल्ला का रहने वाला नितेश कुमार शर्मा उर्फ राहुल शर्मा, पांकी थाना क्षेत्र के चापीकला का रहने वाला दीपक कुमार भुइयां, खपरमंदा का कुश कुमार यादव और सतबरवा पोची का रहने वाला गुलशन कुमार विश्वकर्मा शामिल हैं। जिले की एसपी रीष्मा रमेशन ने शनिवार को प्रेस रिलीज जारी कर असामाजिक तत्वों को जिला बदर किए जाने की जानकारी दी है।
रामनवमी तक के लिए जिला बदर हुए बदमाश
उन्होंने बताया कि जिन बदमाशों को जिला बदर किया गया है, उनके खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्र में गंभीर प्रकृति के केस दर्ज हैं। उनकी गतिविधियों से चुनाव प्रक्रिया प्रभावित होने की संभावना है। इसी के चलते इनको जिला बदर किया गया है। जिला बदर की कार्रवाई पुलिस की रिपोर्ट पर डीसी ने की है। सभी को रामनवमी तक जिला से बाहर रहने का निर्देश दिया गया है, जिन अपराधियों को जिला बदर किया गया है। उनमें सबसे अधिक चार अपराधी चैनपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
अब तक 69 लाइसेंसी हथियार कराए गए जमा
बताया जा रहा है कि पुलिस निकाय चुनाव से पहले हथियारों का भी वेरिफिकेशन कर रही है। अब तक 69 लोगों के खिलाफ अलग-अलग मामले में मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। जिन लोगों पर मुकदमे हैं उनके हथियार थानों में जमा कराए जा रहे हैं। सभी से कहा गया है कि जिन लोगों के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज है, वह अपने लाइसेंसी हथियार थानों में जमा कर दें। पलामू में लगभग हथियारों के 1200 लाइसेंस धारक हैं। कई लोगों ने जिला प्रशासन को आवेदन देकर सुरक्षा कारणों से अपने हथियारों को विमुक्त करने की मांग की है।

