Palamu : पलामू जिले में अवैध खनन के खिलाफ बड़े पैमाने पर दिसंबर माह में अभियान चलाया गया। खनन विभाग ने अवैध खनन में लगे 25 वाहन जब्त किए हैं। इन वाहन मालिकों से 17.9 लाख रुपए का जुर्माना भी वसूला गया है। इस बात की जानकारी पलामू की उपायुक्त समीर एस ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में दी।
इस मौके पर जिला खनन अधिकारी ने बताया की दो वाहन मालिकों पर एफआईआर भी दर्ज की गई है। इसके अलावा, जिला परिवहन कार्यालय की तरफ से भी अभियान चलाकर 62 वाहनों को जब्त किया गया और 11 लाख 69 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया है। वन प्रमंडल अधिकारी ने भी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों पर केस दर्ज किया है।
अलग-अलग अंचलों में भी कार्रवाई की गई है और 38 वाहन जब्त किए गए हैं। सबसे अधिक अंचल में सदर एसडीएम के स्तर से 10 वाहन जब्त किए गए हैं। उपायुक्त ने वन विभाग, पुलिस और स्थानीय सीओ को मिलकर अवैध खनन गतिविधियों का रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपस में तालमेल बनाकर कार्रवाई करें। डीसी ने कहा कि वन विभाग सीओ और थाना प्रभारी को गहन निगरानी करनी होगी। ताकि, खनन की अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाया जा सके। मीटिंग में पलामू एसपी रीश्मा रमेशन के अलावा वन प्रमंडल अधिकारी सत्यम कुमार आदि मौजूद रहे।

