जमशेदपुर : साकची बाजार में फुटपाथ दुकानें अब नहीं लगेंगी। दुकानदारों में आपसी मारपीट के बाद साकची थाना पुलिस ने यह फैसला लिया है। साकची बाजार में झंडा चौक और उसके आसपास पुलिस जवानों को तैनात कर दिया गया है। पुलिस के जवानों को निर्देश दिया गया है कि बाजार में कोई भी फुटपाथ दुकानदार दुकान नहीं लगाने पाए। पुलिस तैनात होने के बाद कई फुटपाथी दुकानदार यहां फुटपाथ दुकानें लगाने आए थे। मगर, पुलिस कर्मियों ने सबको मना कर दिया।

पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए यह तैनाती की गई है। बताया जा रहा है कि फुटपाथ दुकान नहीं लगने से बाजार में भीड़ कम हो गई है। आवागमन सुचारू रूप से चल रहा है। दूसरी तरफ, फुटपाथ दुकानदारों की रोजी-रोटी पर असर पड़ा है। वह लोग दुकान नहीं लगा पा रहे हैं। रोजमर्रा की खरीदारी करने आ रहे ग्राहक भी वापस लौट जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि झंडा चौक पर कुछ दिन पहले दुकान लगाने को लेकर दुकानदारों में मारपीट हो गई थी। बताया जा रहा है कि फुटपाथ दुकानदार और सैरात दुकानदार के बीच में जगह को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद में मारपीट हो गई थी। यह मामला थाने गया था। थाने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझा दिया था।
लेकिन, इनका झगड़ा शांत होने का नाम नहीं ले रहा था। इसी के चलते पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा है और स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए फैसला लिया गया है कि साकची बाजार में झंडा चौक और उसके आसपास के क्षेत्र में फुटपाथ दुकानें नहीं लगने दी जाएंगी। कोई दुकानदार फुटपाथी दुकान न लग पाए। इसके लिए वहां पुलिस की तैनाती भी की गई है।
आला अधिकारियों से की गई है शिकायत
बताया जा रहा है कि दुकानदारों के आपसी झगड़े के बाद मामले की शिकायत आला अधिकारियों तक कर दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने ही यह फैसला लिया है कि साकची बाजार में फुटपाथ दुकानें नहीं लगने दी जाएं। इसी के बाद साकची थाना पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है।
सैराती दुकानदार करते हैं फुटपाथ दुकानदारों का विरोध
साकची सैरात बाजार है। यहां पक्की सरकारी दुकानें हैं जो दुकानदारों को किराए पर दी गई हैं। यह दुकानदार चाहते हैं कि बाजार में फुटपाथी दुकानें नहीं लगें। फुटपाथी दुकानों की वजह से सैरात बाजार की पक्की दुकानों में दुकान चलाने वालों का नुकसान होता है। लोग सस्ता माल होने की वजह से फुटपाथ दुकान से ही अधिक खरीदारी करते हैं। कई साल से सैराती दुकानदार मांग करते आए हैं कि फुटपाथी दुकानदारों को यहां से हटाया जाए।
झगड़ा खत्म होने के बाद लगेंगी दुकानें
जमशेदपुर शिक्षित बेरोजगार मंगला हाट दुकानदार संघ के अध्यक्ष शाही आदिल का कहना है कि सभी दुकानदार आपस का मामला हल कर लें। यह मामला शांत होने के बाद फुटपाथी दुकानें फिर से लगाई जाएंगी।

