Ramgarh: रामगढ़ थाना क्षेत्र के छतरमांडू स्थित दयाल स्टील प्लांट में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के सात सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों के पास से पुलिस ने चोरी का तीन लाख रुपए कीमत का कॉपर बरामद किया है। इसके अलावा उनके पास से एक देसी कट्टा, दो कारतूस, टाटा मैजिक वाहन, बोलोरो पिकअप वाहन और सभी बदमाशों के छह मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि यह बदमाश जहां भी घटना को अंजाम देने जाते थे बोलेरो पिक अप वैन से जाते थे ।साथ ही टाटा मैजिक भी ले जाते थे। ताकि, उस पर सामान लाद कर ले जाया जा सके। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चोर गिरोह के कुछ सदस्य बोलोरो पिकअप वैन पर सवार होकर कहीं चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। छतरमांडू के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया था। तभी, बिना नंबर प्लेट की बोलोरो पिकअप वैन उधर से गुजरी। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया। लेकिन, ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी। इस पर पुलिस कर्मियों ने वहां से गाड़ी का पीछा किया और उसे रोक लिया।
ये सात अपराधी हुए गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि इस गाड़ी पर बैठे सात बदमाश गिरफ्तार कर लिए गए। इनमें बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र का सलेम गांव का रहने वाला अख्तर, स्वांग पुराना माइंस क्वार्टर का रहने वाला सनी कुमार, नागेश्वर बेलदार उर्फ हनी, हजारीबाग के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के कसेरा मोहल्ला का रहने वाला रणधीर कुमार, बोकारो के पेटरवार थाना क्षेत्र के तीनों घाट का रहने वाला पंकज कुमार और गोमिया स्टेशन रोड का रहने वाला गौरी कुमार शामिल हैं। इन सब के पास से एक लाख तीन हजार रुपए नकद भी बरामद हुआ है।
स्टील प्लांट में चोरी का सामान बेचकर जुटाए थे एक लाख
बरामद रुपए के बारे में बदमाशों ने बताया कि उन्होंने दयाल स्टील प्लांट में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। उसी समान को बेचकर यह रकम एकत्र हुई है। एसपी अजय कुमार ने बताया कि चोर गिरोह के चार बदमाशों का आपराधिक इतिहास है। गौरी कुमार काठीटांड़ थाना क्षेत्र में लूटपाट के मामले में जेल गया था। मुकेश कसेरा टाटी झरिया और बेरमो इलाके में लूटपाट की घटना में जेल गया था। रणधीर कुमार ने विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। सनी कुमार ने इचाक थाना क्षेत्र में लूटपाट की थी।
Read Also: RANCHI NAGAR NIGAM: डोरंडा क्षेत्र में चला अतिक्रमण मुक्त अभियान, जानें क्या किया नगर निगम की टीम ने

