Home » Koderma Accident: स्कूल के पीछे गड्ढे में डूबने से छात्र की मौत; ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

Koderma Accident: स्कूल के पीछे गड्ढे में डूबने से छात्र की मौत; ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोडरमा । कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत पाण्डेयडीह में मातम पसरा है। गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पढ़ने गया 10 वर्षीय छात्र की विद्यालय के पीछे खेत में बने पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। मृत बच्चा पाण्डेयडीह निवासी विकास साव का पुत्र विनय कुमार उर्फ सागर है। वह चौथी कक्षा का छात्र था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सागर रोज की तरह सुबह स्कूल गया था। मध्याह्न भोजन (लंच) के बाद वह अचानक स्कूल से बाहर निकल गया। इसके बाद उसकी खोजबीन शुरू की गई। काफी देर तक पता नहीं चलने पर विद्यालय की ओर से परिजनों को सूचना दी गई। इससे परिजन एवं आसपास के लोग परेशान हो गए। सभी लोग उसकी तलाश में जुट गए। आसपास के तालाब, कुएं और अन्य स्थानों पर खोजबीन की गई। इसी क्रम में विद्यालय के पीछे खेत में सिंचाई के लिए खोदे गए गड्ढे में पानी में उसका शव देखा गया। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

घटना के बाद इलाके में शोक की लहर

घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश फैल गया। परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिक्षकों की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। परिजनों ने बताया कि विद्यालय से बच्चे गायब हो जाते हैं और शिक्षक को पता नहीं चलता है, यह बड़ी लापरवाही को दर्शाता है। स्कूल में लगभग 162 बच्चों पर चार शिक्षक हैं, जिससे निगरानी व्यवस्था कमजोर है।

मृतक के पिता ने कहा कि यदि शिक्षकों ने बच्चों पर ध्यान दिया होता तो यह हादसा टल सकता था। गांव वालों ने शिक्षा विभाग से स्कूलों में व्यवस्था सुधारने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। वहीं ग्रामीणों में भी घटना को लेकर आक्रोश है।

सूचना मिलने पर कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Read Also : Palamu Accident: कार ने बाइक में मारी टक्कर; एक की मौत,गाड़ी छोड़कर भागा चालक


Related Articles

Leave a Comment