
रांची : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि झारखंड और पश्चिम बंगाल का संबंध केवल भौगोलिक निकटता तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक और भावनात्मक रिश्ते भी बेहद गहरे हैं। उन्होंने झारखंड मे रह रहे पश्चिम बंगाल के निवासियों को शिक्षा, संस्कृति, उद्योग, व्यापार और सामाजिक जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए उन्हें पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
शनिवार को लोक भवन में आयोजित पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारत अनेक भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं का देश है। विविधताओं के बावजूद विविधता में एकता ही देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की एक भारत, श्रेष्ठ भारत पहल विभिन्न राज्यों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पारस्परिक समझ और भावनात्मक एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है।
राज्यपाल ने कहा कि बंगाल की धरती ज्ञान, सृजनशीलता और सांस्कृतिक चेतना की भूमि रही है। सामाजिक पुनर्जागरण से लेकर स्वतंत्रता संग्राम तक पश्चिम बंगाल ने राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। साहित्य, संगीत, कला और सिनेमा के क्षेत्र में बंगाल का योगदान अविस्मरणीय है। महान फिल्मकार सत्यजीत रे ने भारतीय सिनेमा को वैश्विक पहचान दिलाई।
उन्होंने बंगाल की उत्सवधर्मी संस्कृति की सराहना करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा और काली पूजा जैसे पर्व केवल धार्मिक आस्था के प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक वैभव के उत्सव भी हैं। बंगाल की पाक परंपरा अपनी विशिष्टता और आत्मीयता के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है तथा बांग्ला भाषा की मधुरता वहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का परिचायक है।
पश्चिम बंगाल सांस्कृतिक रूप से अत्यंत समृद्ध राज्य: नितिन कुलकर्णी
इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने स्वागत भाषण में पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज ही के दिन वर्ष 1947 में इस राज्य का निर्माण हुआ था। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सांस्कृतिक रूप से अत्यंत समृद्ध राज्य है और झारखंड के साथ उसका आत्मीय संबंध है। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान की रचना भी बंगाल की देन है। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा और काली पूजा जैसे पर्व झारखंड में भी पूरे उत्साह के साथ मनाए जाते हैं। साथ ही बंगाल औद्योगिक और आर्थिक दृष्टि से भी देश के अग्रणी राज्यों में रहा है।
Read Also- Jamshedpur Fire News : पोटका में टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग, लाखों के नुकसान की आशंका

