
Palamu : झारखंड के पलामू जिले में जमीन विवाद को लेकर एक पीएचईडी ठेकेदार को उनके ही भतीजे ने गोली मार दी। यह घटना शनिवार सुबह मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बारालोटा निवासी पीएचईडी ठेकेदार संजय तिवारी उर्फ गुड्डू के साथ हुई। उन्हें सीने में गोली लगी है और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
गौरतलब है कि संजय तिवारी शनिवार सुबह काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पांकी रोड स्थित जीएलए कॉलेज के समीप घात लगाकर बैठे उनके भतीजे प्रीतम तिवारी ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके सीने में लगी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया गया।
अस्पताल में किए गए एक्स-रे में सीने में गोली फंसी होने की पुष्टि हुई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
पलामू की पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि घटना के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आई है। परिजनों के अनुसार, करीब 22 डिसमिल जमीन को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस मामले में न्यायालय में मुकदमा भी चल रहा है और शनिवार को ही मामले की सुनवाई की तारीख थी।
घायल ठेकेदार के पिता लव तिवारी ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद को लेकर प्रीतम तिवारी सुबह से कई बार संजय तिवारी को फोन कर बुला रहा था। उसे यह भी जानकारी थी कि संजय तिवारी हर शनिवार को काली मंदिर पूजा करने जाते हैं। इसी जानकारी के आधार पर उसने घात लगाकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गोलीकांड की खबर फैलते ही अस्पताल में परिजनों, रिश्तेदारों और परिचितों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद परिवार में दहशत और चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
Read also Jamshedpur Fire News : पोटका में टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग, लाखों के नुकसान की आशंका

