
चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पीएच.डी. नामांकन प्रक्रिया 22 जून से शुरू होगी। अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार चयनित अभ्यर्थी 7 जुलाई 2026 तक संबंधित स्नातकोत्तर विभागों में नामांकन करा सकेंगे। नामांकन शुल्क 10,000 रुपये निर्धारित किया गया है।
89 शोधार्थी, 30 से अधिक JRF धारक
विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न विषयों में कुल 89 चयनित शोधार्थियों का नामांकन लिया जाएगा। खास बात यह है कि इनमें 30 से अधिक अभ्यर्थी जूनियर रिसर्च फेलोशिप JRF धारक हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे शोध गुणवत्ता एवं अकादमिक उत्कृष्टता का संकेत बताया है।
शोध विवि की पहचान: कुलपति
इस अवसर पर कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने चयनित शोधार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शोध किसी भी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक पहचान और गुणवत्ता का महत्वपूर्ण आधार है। कोल्हान विश्वविद्यालय अनुसंधान को बढ़ावा देने तथा शोधार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कुलपति ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से अपेक्षा की कि वे अपने शोध कार्यों के माध्यम से समाज, क्षेत्र एवं राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में JRF धारकों का चयन विश्वविद्यालय में उच्च गुणवत्ता वाले शोध की संभावनाओं को और मजबूत करेगा तथा शोध संस्कृति को नई दिशा प्रदान करेगा।
वेबसाइट पर उपलब्ध है जानकारी
पीएच.डी. नामांकन से संबंधित विस्तृत जानकारी, चयन सूची एवं अन्य आवश्यक निर्देश कोल्हान विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। विश्वविद्यालय ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि के भीतर अपने संबंधित विभागों में नामांकन प्रक्रिया पूर्ण करने का आग्रह किया है।
Read Also- Chaibasa News : बड़ाजामदा में चोरी की 7 बाइक बरामद, वाहन चोरों के साथ मास्टरमाइंड भी गिरफ्तार

