
Dhanbad : झारखंड के धनबाद जिले के रामकनाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बमबाजी की घटना से सनसनी फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने कृषि उत्पादन समिति बाजार कर्मी कमलेश्वर बेलदार के घर को निशाना बनाते हुए बम फेंका। धमाके में घर का मुख्य दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, देर रात कमलेश्वर बेलदार के घर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य घबरा गए और घर से बाहर निकलकर स्थिति का जायजा लिया। हालांकि तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।
पीड़ित कमलेश्वर बेलदार ने बताया कि उनका किसी राजनीतिक दल, विवादित गतिविधि या अवैध कारोबार से कोई संबंध नहीं है। ऐसे में उनके घर को निशाना बनाए जाने के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। वहीं, पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर रामकनाली ओपी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

