
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड के कोवाली थाना क्षेत्र स्थित हल्दीपोखर में शनिवार सुबह एक टेंट हाउस के गोदाम में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर गोदाम में रखा टेंट, सजावटी सामान और अन्य उपकरण जलकर नष्ट हो गए। घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि हल्दीपोखर स्थित सुदामा टेंट हाउस के गोदाम से सुबह अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि उसका धुआं और लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सामूहिक प्रयास से आग पर पाया गया काबू
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। लोगों ने पानी के साथ-साथ कार्बन गैस का इस्तेमाल कर आग को फैलने से रोका। ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों के सामूहिक प्रयास से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। इससे आसपास के घरों और अन्य प्रतिष्ठानों तक आग फैलने से बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
शार्ट सर्किट से लगी आग
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने से गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में सामान जल गया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है, लेकिन शुरुआती अनुमान के अनुसार लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हुई है। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच के साथ-साथ नुकसान का आंकलन करने में जुटे हुए हैं।

