रामगढ़ : जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में युवक अमन दुबे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में प्रेमी युगल को गिरफ्तार किया गया है। त्रिकोणीय प्रेम संबंध हत्या का कारण बना।
28 वर्षीय युवक अमन दुबे की हत्याकांड में शामिल एक अधेड़ प्रेमी युगल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अवैध संबंध और उसके बीच आए लोगों में हुए विवाद के कारण हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मंगलवार को अमन दुबे की हत्या में शामिल जसवंत प्रजापति (50) और सुमन देवी (47) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अमन की हत्या के मामले में उसकी मां किरण देवी ने कुजू ओपी में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। उसने जसवंत प्रजापति और सुमन देवी पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो त्रिकोणीय प्रेम संबंध का मामला उजागर हुआ।
फोन कॉल की जांच से स्पष्ट हुआ भी अवैध संबंध
फोन कॉल की जांच से स्पष्ट हुआ कि सुमन देवी के साथ अमन दुबे का भी अवैध संबंध था। सुमन और जसवंत प्रजापति का साथ उसे पसंद नहीं था। इसका वह लगातार विरोध कर रहा था। मृतक की मां किरण देवी ने पुलिस को बताया था कि घटना के दिन 12 जून को उनके पुत्र अमन दुबे को फोन कर बुलाया गया था। जब वह जसवंत और सुमन के घर से लौटा तो उसकी हालत ठीक नहीं थी। उसके पुत्र ने घर में बताया था कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई है। बाद में उसकी मौत हो गई।
पुरानी प्रेम कहानी का भी पुलिस के समक्ष खोला राज
सुमन देवी ने पूछताछ के दौरान अपनी पुरानी प्रेम कहानी भी पुलिस के सामने रखी। उसने बताया कि उसकी शादी राजदेव विश्वकर्मा के साथ हुई थी। लेकिन वह उसके साथ खुश नहीं थी। अपने पति को छोड़ वह जसवंत के साथ रहने लगी। उसके साथ रजरप्पा मंदिर में शादी कर ली थी। 19 वर्षों से जसवंत और सुमन एक साथ रह रहे हैं। हालांकि जसवंत की शादी किसी दूसरी महिला से हुई थी और वह भी अलग घर में जसवंत के बच्चों के साथ ही रह रही है।
कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि जसवंत प्रजापति और अमन दुबे के बीच मारपीट हुई थी। इसका सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। मारपीट के दौरान ही शायद अमन को छाती में गंभीर अंदरूनी चोट लग गई थी। जिसकी वजह से वह परेशान था। जब वह अपने घर लौटा तो अचेत अवस्था में ही उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की पूरी वजह स्पष्ट होगी।
Read Also: West Singhbhum News : चक्रधरपुर से चाईबासा रूट पर मौत बांट रहे ओवरलोड छोटा हाथी वाहन, कार्रवाई नदारद

