Home » RANCHI MUNICIPAL CORPORATION: रांची में सफाई पकड़ेगी रफ्तार, RMC ने तैयार किया माइक्रो प्लान

RANCHI MUNICIPAL CORPORATION: रांची में सफाई पकड़ेगी रफ्तार, RMC ने तैयार किया माइक्रो प्लान

RANCHI MUNICIPAL CORPORATION: 100 नए कूड़ा वाहनों का उद्घाटन, स्वच्छता ही सेवा अभियान भी चला।

by Vivek Sharma
RMC WASTE COLLECTION
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: रांची नगर निगम राजधानी को साफ और स्वच्छ बनाने को लेकर गंभीर है। सफाई करने वाली एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि कहीं भी शहर में कचरा नहीं दिखना चाहिए। इतना ही नहीं नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने माइक्रो प्लान पर काम करने का निर्देश दिया है। जिसके तहत सफाई की मॉनिटरिंग कई लेवल पर की जा रही है। जिसके तहत सफाई की मॉनिटरिंग कई लेवल पर की जा रही है। वहीं स्ट्रीट लाइट को भी दुरुस्त कराया गया है। फिलहाल पूजा को देखते हुए इसे पायलट प्रोजेक्ट की तरह लागू किया गया है। इसके बाद इस प्रोजेक्ट को पूरे शहर में लागू करने की योजना है।  

पूरी टीम उतरी फील्ड में

राजधानी की सफाई व्यवस्था चरमरा गई थी। अधिकारी भी फील्ड में जाने की बजाय केवल एजेंसी पर ठिकरा फोड़ रहे थे। लेकिन नए नगर प्रशासक के आने के बाद सफाई को प्राथमिकता में रखा गया है। नगर प्रशासक खुद से शहर का औचक निरीक्षण कर रहे है। वहीं अन्य अधिकारी भी फील्ड में दिखाई दे रहे है। इसके अलावा पल-पल की रिपोर्ट ली जा रही है। जिससे कि शहर के लोगों को स्वच्छ माहौल मिल सके।   

100 नई गाड़ियां करेगी कलेक्शन

सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से 100 नए कूड़ा कलेक्शन वाहनों (ईवी और सीएनजी आधारित) को सेवा में जोड़ा गया है। इन वाहनों को सहायक प्रशासक चंद्रदीप कुमार और निकेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल न केवल नगर निगम की सफाई व्यवस्था को मजबूती देगी, बल्कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान को भी रफ्तार देगी।

शत प्रतिशत कूड़ा उठाने का निर्देश  

नगर निगम क्षेत्र में वर्तमान में मेसर्स स्वच्छता कॉरपोरेशन डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण का कार्य कर रही है। प्रशासक ने एजेंसी को निर्देश दिया है कि 100% घरों और भवनों से कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए एजेंसी द्वारा कुल 100 नए वाहन शामिल किए गए हैं। नई गाड़ियों के आने के बाद अब कुल 350 वाहनों के माध्यम से शहर में कचरा उठाव किया जाएगा। इससे कूड़ा संग्रहण प्रक्रिया को गति मिलेगी। शहर की स्वच्छता और अधिक सुदृढ़ होगी।

अलग रखना होगा गीला-सूखा कचरा

नागरिकों से अपील की गई है कि वे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करें। प्रत्येक वाहन में दो कंपार्टमेंट बनाए गए हैं। हरे डस्टबिन में गीला कचरा और नीले डस्टबिन में सूखा कचरा रखना होगा। लोगों से अपने घरों में दो डस्टबिन रखने और सोर्स पर ही कचरे का पृथक्करण करने का अनुरोध किया गया है। किसी भी समस्या होने पर नगर निगम द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1800-570-1235 और 9204822445 पर संपर्क कर सकते है।

अभियान के तहत विशेष गतिविधियां

गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए वार्ड 01, 3, 4, 13, 15, 29, 47, 48 सहित कई अपार्टमेंट्स, पूजा पंडालों और मॉल क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाया गया। सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जिससे न केवल मुख्य सड़कें बल्कि मोहल्लों और गलियों को भी स्वच्छ किया गया। इसके अलावा पूजा पंडालों और मंदिरों के आसपास विशेष सफाई कार्य किए गए। शहर के कांके डैम, बड़ा तालाब, चडरी तालाब, हेहल तालाब जैसे प्रमुख जलाशयों की विशेष सफाई की गई। सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों की भी सफाई कराई गई। प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने हेतु सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ प्रचार-प्रसार किया गया।

READ ALSO: RANCHI POLITICAL NEWS: भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस का पलटवार, स्वास्थ्य मंत्री को बदनाम करने की हो रही साजिश

Related Articles