
Jamshedpur : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर की मासिक संगठनात्मक बैठक शनिवार को भालूबासा स्थित आशीष किशोर सभागार में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को गति देने, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारी तथा जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित करने तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए पिछले एक माह में हुए संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। प्रत्येक बूथ पर नियमित बैठकें आयोजित कर स्थानीय समस्याओं की पहचान और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी सभी कार्यक्रमों को पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सभी बूथों पर शत-प्रतिशत आयोजन सुनिश्चित करने वाले पांच मंडल अध्यक्षों को सम्मानित भी किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और प्रत्येक कार्यकर्ता इसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने बूथ समितियों को सक्रिय करने, नए सदस्यों को जोड़ने और आम जनता से लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने के लिए पात्र मतदाताओं के प्रपत्र भरवाने, मतदाता सूची के अद्यतन में सहयोग करने और बूथ स्तर पर अभियान को प्रभावी बनाने की अपील की। साथ ही कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संगठन तक पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि उनके समाधान के लिए समन्वित प्रयास किए जा सकें।
बैठक में पोटका के पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मीरा मुंडा, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी और चंद्रशेखर मिश्रा ने भी संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव भी रखे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री जितेंद्र राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह ने दिया। बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, प्रभारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

