
Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर स्थित आरआईटी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई। हादसा वार्ड संख्या 35 के कुलुपटांगा लोअर साइड फुटबॉल मैदान के पास हुआ। मृतका की पहचान कुलुपटांगा बस्ती निवासी सुनील लोहार की बेटी मुस्कान लोहार के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। बुधवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गौरतलब है कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम ने करवट ली। क्षेत्र में तेज गर्जना के साथ बारिश का माहौल बना हुआ था। इसी दौरान मैदान के समीप मुस्कान वज्रपात की चपेट में आ गई। बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गई और मौके पर ही बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी।
हादसे की जानकारी मिलते ही वार्ड 35 के पार्षद प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता बिट्टू पाड़िया घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्होंने युवती को तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया। अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में डॉक्टरों ने जांच के बाद मुस्कान को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आरआईटी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इधर, घटना से इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मृतका के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही जिला प्रशासन से आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

