
Ranchi : धनबाद की राजनीति इन दिनों सांसद ढुल्लू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी के बीच बढ़ते टकराव को लेकर गर्म है। फ्लाईओवर निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई का रूप ले चुका है। दोनों नेताओं ने 15 जुलाई को निरसा में अलग-अलग कार्यक्रम घोषित किए हैं, जिससे उस दिन इलाके की राजनीतिक तस्वीर काफी दिलचस्प रहने वाली है।
सांसद ढुल्लू महतो ने फ्लाईओवर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर 15 जुलाई को रैली और जनसभा का ऐलान किया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रैली निरसा पुलिस इंस्पेक्टर कार्यालय से शुरू होकर पैदल मार्च के रूप में फ्लाईओवर निर्माण स्थल तक पहुंचेगी। इसके बाद देवियाना में जनसभा आयोजित की जाएगी।
दूसरी ओर विधायक अरूप चटर्जी फ्लाईओवर निर्माण से पहले सुरक्षित डायवर्सन की व्यवस्था और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक इन मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
इसी विवाद के बीच दोनों नेताओं के आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। विधायक अरूप चटर्जी ने गैंगस्टर प्रिंस खान और सांसद ढुल्लू महतो के खिलाफ निरसा थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं सांसद का दावा है कि उन्हें भी प्रिंस खान की ओर से धमकी मिली है, जिसकी शिकायत उन्होंने संबंधित अधिकारियों से की है।
विवाद में वाम दल भी सक्रिय हो गए हैं। माले ने सांसद के कार्यक्रम के दौरान काला झंडा दिखाकर विरोध करने की चेतावनी दी है। 15 जुलाई को फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर उनका भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। पार्टी की बैठक में आगे की रणनीति पर भी निर्णय लिया जाएगा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 15 जुलाई का दिन निरसा की राजनीति के लिए अहम साबित हो सकता है। दोनों नेताओं की सभाओं में जुटने वाली भीड़ उनके जनाधार का संकेत दे सकती है। साथ ही चर्चा यह भी है कि इसके बाद विधायक अरूप चटर्जी कतरास-बाघमारा क्षेत्र में व्यापक जनसभा कर आगे की राजनीतिक रणनीति का ऐलान कर सकते हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
फिलहाल इतना तय माना जा रहा है कि फ्लाईओवर विवाद ने धनबाद की राजनीति को नई दिशा दे दी है और 15 जुलाई को होने वाले कार्यक्रमों पर पूरे जिले की नजर टिकी रहेगी

