रांची। वन मैन फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के अध्यक्ष जस्टिस गौतम कुमार चौधरी ने शनिवार को स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा, 2016 से जुड़े मामले में सुनवाई की।
कमेटी ने राज्य सरकार और झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) को निर्देश दिया कि वे उक्त नियुक्ति परीक्षा से संबंधित स्टेट मेरिट लिस्ट, जिलावार नियुक्त किए गए सभी शिक्षकों के नाम, प्राप्तांक, नियुक्ति तिथि सहित सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।
यह सुनवाई पुराने हाई कोर्ट भवन में सुप्रीम कोर्ट और झारखंड हाई कोर्ट के पूर्व निर्णयों के आधार पर की गई। कमेटी ने कहा कि ये सभी विवरण शपथ पत्र के माध्यम से अगली सुनवाई में प्रस्तुत किए जाएं। अगली सुनवाई नौ मई को सुबह 11 बजे डोरंडा स्थित पुराने हाई कोर्ट भवन में होगी।
सुनवाई के दौरान माध्यमिक शिक्षा निदेशक की ओर से प्रतिनिधि और जेएसएससी की ओर से उपसचिव बशीर अहमद उपस्थित रहे। वहीं, याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता शेखर प्रसाद गुप्ता, अमृतांश वत्स, चंचल जैन, आसिफ इकबाल, शुभम मिश्रा सहित अन्य वकीलों ने पक्ष रखा।
बता दें कि झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने मीना कुमारी व अन्य की याचिका (257 मामलों) पर फैसला सुनाते हुए फैक्ट फाइंडिंग कमेटी को तीन महीने के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

