
देवघर: जसीडीह थाना क्षेत्र में फर्जी GST अधिकारी बनकर व्यवसायी को अगवा कर 40 लाख 50 हजार रुपये नगद समेत मोबाइल, लैपटॉप आदि लूटने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन, कैश और अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया है।
विशेष छापामारी दल को मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक, देवघर के निर्देश पर गठित छापामारी दल ने औचक छापेमारी में जमुई जिले के महपतिया टोला बक्सा निवासी कुमोद पोद्दार (34), बांका जिले के तरैया निवासी संजय कुमार सिंह (55) पिता रतु सिंह, बांका जिले के ही कटोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गोस्वामी टोला निवासी शिव शंकर कुमार (28) पिता सहदेव राम, इसी जिले के कैलाश पहाड़ी निवासी घनश्याम यादव (47) पिता तेजो यादव व जमुई जिले के सलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमुलतला निवासी विनोद प्रसाद यादव (38) पिता जगरनाथ यादव को गिरफ्तार किया।
8 अगस्त को दिया था कांड को अंजाम
घटनाक्रम के अनुसार 08 अगस्त 2026 को अज्ञात स्कार्पियो सवार अपराधियों ने जसीडीह थाना अंतर्गत टाभाघाट दर्दमारा मुख्य सड़क पर वादी की मोटरसाइकिल को जबरन रुकवाया। मोटरसाइकिल पर विक्रम चौधरी व उनका कर्मचारी सवार थे। अपराधियों ने खुद को फर्जी GST पदाधिकारी बताया। इसके बाद वादी और उनके साथ आ रहे कर्मचारी को रुपये से भरे बैग के साथ अगवा कर 40,50,000 रुपये नगद, मोबाइल फोन, लैपटॉप आदि लूट लिया। इसके बाद वादी विक्रम चौधरी (47), पिता मन्तु राम चौधरी, पता 15C/103 सील लेन, कोलकाता (वर्तमान सा. झिंगाझाल, थाना चांदन, जिला बांका) के आवेदन के आधार पर जसीडीह थाने में BNS 2023 की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
स्कॉर्पियो पर लगा था पुलिस लिखा बोर्ड
संजय कुमार सिंह के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन (रजि. नंबर JH01BP-4780), एक काले रंग का रेडमी मोबाइल, एक एप्पल कंपनी का सफेद मोबाइल, दो प्लास्टिक के पुलिस डंडे तथा एक लाल-नीला रंग का ‘पुलिस’ लिखा बोर्ड बरामद किया गया। वहीं, कुमोद पोद्दार की निशानदेही पर 4,30,000 रुपये नकद और क्षतिग्रस्त अवस्था में वादी का डेल कंपनी का लैपटॉप पुलिस ने बरामद किया। शिव शंकर कुमार की निशानदेही पर उनका मोबाइल फोन, जिसमें घटनास्थल से भागने के रास्ते का मैप था, वह भी मिला।
छापामारी दल में ये थे शामिल
छापामारी दल में कुलदीप कुमार (अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर देवघर), दीपक कुमार (पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी जसीडीह), पुलिस अवर निरीक्षक अमर कुमार, पुअनि रामानुज सिंह, पुअनि संदीप कृष्णा (थाना प्रभारी मोहनपुर), पुअनि प्रियरंजन कुमार (थाना प्रभारी चितरा), पुअनि प्रशांत कुमार (थाना प्रभारी देवीपुर), सहायक अवर निरीक्षक अभय कुमार (जसीडीह थाना) के साथ तकनीकी शाखा देवघर के कर्मी तथा थाना सशस्त्र बल शामिल थे।
अभियुक्तों का रहा है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पहले भी कई मामले दर्ज हैं। इनमें सिमुलतला तथा धनवार थाने में मामले दर्ज हैं। इसके अलावा अप्राथमिकी अभियुक्त कुमोद पोद्दार के विरुद्ध दुमका, हलसी तेतरहट थाने में मामले दर्ज हैं। वहीं बिहार मद्य निषेध अधिनियम 2018) तथा देवघर नगर थाना कांड संख्या 532/2025 (धारा 135/138 भारतीय विद्युत अधिनियम) के मामले भी दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को कानूनी कार्रवाई के लिए जेल भेज दिया है। आगे की जांच जारी है।


