
Potka : कोवाली थाना क्षेत्र के कैरासाईं के पास जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल और उनके साथियों पर हुए कथित जानलेवा हमले के मामले में पीड़ित जिप सदस्य ने कोवाली थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में 30 से 40 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने बुधवार को मामले को गंभीरता से लेते हुए आवेदन और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पूर्व नियोजित साजिश के तहत हमला करने का आरोप
जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि उन पर किया गया हमला पूर्व नियोजित साजिश के तहत हुआ। उन्होंने बताया कि विवाद की शुरुआत हड़ियान काली मंदिर के पास हुई थी। आरोप है कि कांवरियों का एक समूह महिला कांवरियों के साथ कथित रूप से अपशब्दों का प्रयोग कर बदसलूकी कर रहा था। इसका सूरज मंडल और उनके सहयोगियों ने विरोध किया।
शिकायत के अनुसार, विरोध के बाद संबंधित लोग वहां से हट गए और आगे कैरासाईं के पास रास्ते में घात लगाकर बैठ गए। सोमवार देर रात करीब 2:30 बजे सूरज मंडल और उनके साथी वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान लाठी-डंडे, पत्थर और शराब की बोतलों से उन पर अचानक हमला कर दिया गया। घटना में कई लोग घायल हो गए।
MGM अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
हमले में गंभीर रूप से घायल जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल, घनश्याम मंडल और रवि मोदक का जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल में इलाज जारी है। सूरज मंडल ने पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल सभी आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
जनप्रतिनिधियों और शौर्य यात्रा के सदस्यों में आक्रोश
मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। कोवाली थाना में आवेदन सौंपने के दौरान सूरज मंडल के साथ कुसुम पूर्ति, सबिता सरदार, दुखनी सोरेन, देवी कुमारी भूमिज, सुकलाल सरदार, गणेश सरदार, मनोज सरदार, राजू कुंडू, पलटू मंडल, अरुणा सारंगी, रमेश मोदी, सनत सी, श्यामल महाकुड़, राजू गुप्ता, चंद्रशेखर गुप्ता, पिंटू पुरान, भावांतरण दास, दुलाल मंडल, चिरंजीत भगत और उज्जवल मंडल समेत शौर्य यात्रा के कई सदस्य मौजूद रहे।


