Seraikela: सरायकेला–खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी के विभिन्न बालू घाटों पर अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर खनन विभाग और ईचागढ़ थाना की संयुक्त टीम ने सोड़ो, जारगोडीह, पुरानडीह और वीरडीह बालू घाटों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान मौके पर किसी प्रकार की सक्रिय अवैध खनन गतिविधि नहीं पाई गई, लेकिन कुछ घाटों पर ट्रैक्टर वाहनों के टायर निशान मिलने से अवैध परिवहन की आशंका जताई गई। इसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संभावित मार्गों की पहचान कर कई स्थानों पर ट्रेंच (अवरोध गर्त) बनाकर रास्तों को अवरुद्ध कर दिया, ताकि अवैध बालू परिवहन को रोका जा सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार और सख्ती के साथ जारी रहेगी।प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और क्षेत्र में निगरानी और तेज कर दी गई है।

