106

Jamshedpur : बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन पब के बाहर हुई चाकूबाजी की घटना में युवक हिमांशु सिंह की हत्या के बाद जन विकास मंच के प्रमुख एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए कहा कि अपराधियों के बढ़ते हौसले शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़े करते हैं।
सौरभ विष्णु ने कहा कि सबसे गंभीर बात यह है कि जिस स्थान पर पुलिस मौजूद थी, वहीं अपराधियों ने बेखौफ होकर हत्या जैसी वारदात को अंजाम दे दिया। उन्होंने कहा कि यदि अपराधियों को पुलिस का भय नहीं है और वे पुलिस की मौजूदगी में ही हथियार चलाने का साहस कर रहे हैं, तो यह कानून-व्यवस्था की गंभीर विफलता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जमशेदपुर में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों में भी लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। चाकूबाजी, लूट और छिनतई जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जबकि पुलिस की प्राथमिकता अपराध नियंत्रण के बजाय हेलमेट और वाहन दस्तावेजों की जांच तक सीमित दिखाई देती है।
सौरभ विष्णु ने कहा- ‘जनता को सुरक्षा चाहिए, सिर्फ चालान नहीं। आम आदमी भय के माहौल में जी रहा है और अपराधी खुलेआम हथियार लेकर घूम रहे हैं। यदि पुलिस अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करेगी तो जनता का भरोसा कानून-व्यवस्था पर कैसे कायम रहेगा?’
उन्होंने कहा कि बिष्टुपुर जैसे प्रमुख इलाके में देर रात तक पब और बार संचालित होते हैं, जहां बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर कमजोरी को दर्शाता है।
सौरभ विष्णु ने मांग की कि डबल डाउन पब के बाहर हुई घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका और किसी भी संभावित लापरवाही की भी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों, क्लबों और देर रात तक संचालित प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा हथियारबंद अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की भी मांग की, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बहाल हो सके।

