
Jamshedpur : गोलमुरी के केबुल टाउन स्थित न्यू डीएस फ्लैट दुर्गा एवं काली पूजा कमिटी के पूजा पंडाल का बुधवार को भव्य उद्घाटन किया गया। समारोह में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू मुख्य अतिथि और भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने फीता खोलकर पंडाल का उद्घाटन किया। इस दौरान पारंपरिक ढाक और ताशा की गूंज के बीच श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
पूजा कमिटी के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 50 अंकित दीप प्रज्वलित किए गए। इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने क्षेत्रवासियों को पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दुर्गा पूजा भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा का प्रतीक है। मां दुर्गा की आराधना अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज में सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करने, आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वहीं, भाजपा जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और सनातन परंपरा का जीवंत प्रतीक है। मां दुर्गा का आशीर्वाद बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में पूजा कमिटी के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में समाजसेवी अखिलेश चौधरी, गोलमुरी भाजपा अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय सहित कमिटी के अध्यक्ष विनय चौधरी, रोहित आनंद, महासचिव नरेंद्र कुमार, दीपांजन मुखर्जी, बीटी विश्वास, जसबीर सिंह और जयराम दास पात्र समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे। कमिटी ने श्रद्धालुओं से पूजा महोत्सव एवं मां के जागरण में सपरिवार शामिल होने की अपील की।

