पलामू। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है।
पहली घटना हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के जपला-दंगवार मुख्य मार्ग पर नदीआईंन गांव के पास हुई। यहां एक पिकअप वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बिहार के औरंगाबाद जिले के मांगाबाद गांव निवासी रंजन कुमार (20) की मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार तक्षक कुमार (19) गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और दंगवार ओपी प्रभारी सोनू गुप्ता की मदद से दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रंजन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं तक्षक कुमार की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया।
बहन के घर जा रहा था, रास्ते में हुआ दुर्घटना का शिकार
बताया जा रहा है कि रंजन कुमार अपनी बहन के घर जा रहे थे, लेकिन गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही हादसे का शिकार हो गए। घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाजसेवी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। साथ ही प्रशासन से मुआवजे की मांग भी की गई।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरी घटना पाटन थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में पश्चिम बंगाल के ओबिजीत जाना (40) की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक सोनू कुमार (32) और सिबना मंडोल (35) घायल हो गए।
तीनों रामनवमी कार्यक्रम देखने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घायलों को पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने ओबिजीत जाना को मृत घोषित कर दिया।
Read Also: Jharkhand Gangster: प्रिंस खान बना फैज खान, ठिकाना भी बदला, लेकिन धंधा वही…

