Jamshedpur : परसुडीह थाना अंतर्गत बारीगोड़ा रेलवे फाटक के नजदीक सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। इसमें एक बस से कुचल कर 16 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, उसके साथ मौजूद उसकी चचेरी बहन गंभीर रूप से ज़ख्मी हो गई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक बस सड़क किनारे खड़ी थी। चालक हैंडब्रेक लगाकर चाय पीने चला गया था। इसी दौरान रेलवे फाटक बंद था। तभी अचानक बस का हैंडब्रेक फेल हो गया और बस पीछे की ओर लुढ़कने लगी। पीछे खड़ी स्कूटी को बस ने अपनी चपेट में ले लिया। स्कूटी पर सवार किशोरी बस के नीचे दब गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाली किशोरी का नाम अंजली कुमारी (16 वर्ष) है। वह परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा सुभाष टोला की रहने वाली थी। अंजली किसी जरूरी सामान की खरीदारी के लिए घर से निकली थी। उसके साथ उसकी चचेरी बहन निधि कुमारी भी थी। जिसकी उम्र करीब 10 से 12 वर्ष बताई जा रही है। घायल बच्ची को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
अंजलि कुमारी अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। अंजलि के पिता संतोष कुमार ठाकुर सैलून चलाते हैं। संतोष को जैसे ही बेटी की मौत की जानकारी मिली वह बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। उनका रो रो कर बुरा हाल है। वह रोते रोते चीखने लगते हैं। मेरी प्यारी बेटी कहां चली गई। फूल जैसी बेटी थी। परिजनों की चीख पुकार से माहौल गमगीन हो गया है।
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने सड़क के साथ-साथ रेलवे ट्रैक को भी जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इस दौरान लोगों ने बस में तोड़फोड़ भी की, जिससे बस को भारी नुकसान पहुंचा।
सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। मृतका के परिजन धर्मेंद्र कुमार ठाकुर ने बताया कि उनकी मांग है कि बस मालिक मौके पर आकर उनसे बातचीत करें। परिजनों का कहना है कि इसके बाद ही वे आगे की कानूनी कार्रवाई पर फैसला लेंगे।
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। बस चालक की लापरवाही, हैंडब्रेक फेल होने के कारण और बस मालिक की जिम्मेदारी की जांच की जा रही है। इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद बारीगोड़ा और आसपास के इलाकों में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। चालकों को अपना नजरिया बदलना होगा। सड़क पर ड्राइव करते समय पूरी तरह समझदारी से वाहन ड्राइव करना चाहिए ताकि किसी को भी जानी नुकसान नहीं हो। गौरतलब है कि प्रशासन को इसके लिए चालकों के बीच जागरूकता अभियान चलाना चाहिए।
Read also Palamu News : पलामू में लापता मासूम का कुएं से मिला शव, हत्या की आशंका, सनसनी

