चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में पागल दंतैल हाथी के हमले में बंगाल से आए वन कर्मी सुखलाल बेसरा की ओडिशा के क्योंझर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सुखलाल बेसरा पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले से आई रेस्क्यू टीम के सदस्य थे। हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तत्काल ओडिशा के क्योंझर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी मौत के बाद इस हाथी के हमले से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 22 हो गई है, जबकि अब तक कई लोग घायल है।
सुखलाल बेसरा पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत मझगांव प्रखंड के बेनीसागर क्षेत्र में हाथी के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान गंभीर रूप घायल हो गए थे। इस घटना के बाद बंगाल से आई रेस्क्यू टीम ने ऑपरेशन जारी रखने से साफ इनकार कर दिया और टीम लौट गई। हाथी के हमले से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि हाथी झारखंड-ओडिशा बॉर्डर पर छिपे रहने के बाद वहां से ओडिशा की ओर चला गया है। इसके बाद झारखंड के लोगों थोड़ी राहत मिली है, लेकिन ओडिशा के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वन विभाग और जिला प्रशासन भी सतर्क है, कहीं फिर पागल हाथी झारखंड में न घुस जाए, इस बात की आशंका बनी हुई है। हाथी के हमले से अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हैं।

