Home » Patna Metro : सस्ता सफर-हाईटेक सुविधा, 15 अगस्त से बदलेगी राजधानी की रफ्तार

Patna Metro : सस्ता सफर-हाईटेक सुविधा, 15 अगस्त से बदलेगी राजधानी की रफ्तार

बिहार की राजधानी की रफ्तार को एक नई दिशा देगी पटना मेट्रो। यह न केवल आवागमन का माध्यम होगी, बल्कि पटना की पहचान को भी बदलने का कार्य करेगी।

by Rakesh Pandey
patna-metro-train
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना : बिहार की राजधानी पटना जल्द ही मेट्रो रेल की सुविधा से लैस होने जा रही है। राजधानी में ट्रैफिक जाम और भीड़भाड़ की समस्या से निजात दिलाने के लिए तैयार हो रही पटना मेट्रो का काम अब अपने अंतिम चरण की ओर है। पहली बार पटना के लोग मेट्रो ट्रेन में सफर कर पाएंगे, और वो भी सस्ते किराए में हाईटेक सुविधाओं के साथ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त 2025 को पटना मेट्रो के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे।

शुरुआत मलाही पकड़ी से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल तक

पटना मेट्रो की पहली लाइन मलाही पकड़ी से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल तक बनाई गई है, जिसकी लंबाई 6.49 किलोमीटर है। इस मार्ग पर सफर करने के लिए यात्रियों को ₹10 से ₹60 तक का किराया देना होगा। दिलचस्प बात यह है कि मेट्रो का किराया दूरी के आधार पर इस तरह तय किया गया है कि छोटी दूरी के लिए किफायती और लंबी दूरी के लिए सुलभ हो।

19,500 करोड़ का है यह मेगा प्रोजेक्ट

सरकार की योजना है कि किराया निर्धारण के लिए जल्द ही फेयर फिक्सेशन कमेटी की सिफारिशों के अनुसार अंतिम दर तय की जाएगी। यह 19,500 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट पटना को एक आधुनिक शहर बनाने और शहर की भीड़भाड़ को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा।

हाईटेक कोच और अत्याधुनिक स्टेशन

मेट्रो ट्रेन की कोचिंग व्यवस्था अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। पहले चरण में 3 कोच वाली ट्रेनें चलेंगी, जिनमें एक बार में 150 यात्री सफर कर सकेंगे। भविष्य में मांग के अनुसार कोच की संख्या बढ़ाकर 8 तक की जा सकेगी।

कोच में वाई-फाई, सीसीटीवी, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट जैसी सुविधाएं

मैट्रो ट्रेन के कोचों में एयर कंडीशनिंग, वाई-फाई, सीसीटीवी, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट जैसी सुविधाएं होंगी। दिल्ली मेट्रो की तर्ज पर पटना मेट्रो के स्टेशनों को भी हाईटेक और सुविधाजनक बनाया जाएगा। यात्रियों के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर, दिव्यांगों के लिए विशेष रैंप, साथ ही फूड कोर्ट, शॉपिंग ज़ोन और डिजिटल टिकटिंग सिस्टम की भी व्यवस्था होगी।

फूड कोर्ट में बिहारी व्यंजन के साथ मिलेंगे फास्ट फूड

फूड कोर्ट में जहां बिहारी व्यंजन जैसे लिट्टी-चोखा और ठेकुआ मिलेंगे, वहीं फास्ट फूड चेन भी मौजूद होंगी। शॉपिंग एरिया में कपड़ों, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान की दुकानें खुलेंगी।

दो कॉरिडोर, 26 स्टेशन और भविष्य की योजनाएं

पटना मेट्रो का निर्माण दो कॉरिडोर में किया जा रहा है

ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर: दानापुर से खेमनीचक तक, कुल लंबाई 16.94 किमी

नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर: पटना जंक्शन से न्यू ISBT तक, कुल लंबाई 14.45 किमी

पहले चरण में कुल 13 अंडरग्राउंड और 13 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। फिलहाल छह स्टेशनों पर ट्रैक बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है। मेट्रो का पहला कोच महाराष्ट्र से मई 2025 में आएगा। पूरे प्रोजेक्ट को 2027 तक पूरी तरह से चालू कर दिया जाएगा। भविष्य में मेट्रो सेवा का विस्तार पटना एयरपोर्ट, गया और मुजफ्फरपुर तक करने की योजना है।

पटना शहर की बदल जाएगी पहचान

बिहार के मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा ने कहा कि पटना मेट्रो राजधानी की रफ्तार को एक नई दिशा देगी और लाखों लोगों के जीवन को आसान बनाएगी। मेट्रो न केवल आवागमन का माध्यम होगी, बल्कि यह पटना की पहचान को भी बदलने का कार्य करेगी। अब पटना भी मेट्रो सिटी बनने की ओर अग्रसर है, और आने वाले समय में यह परिवर्तन लोगों की जीवनशैली में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा।

Read Also- Bihar Crimes: पश्चिम चंपारण में 15 वर्षीय छात्र के अपहरण से सनसनी, मांगी 10 लाख की फिरौती

Related Articles