PM Modi In Kuwait: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐतिहासिक यात्रा पर कुवैत पहुंचे हैं। भव्य स्वागत के बाद पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीय समुदाय को संबोधित किया। वह यह बताना नहीं भूले कि 43 साल बाद कोई भारतीय पीएम कुवैत आया है।
मिनी इंडिया यहां इकट्ठा हो गया है
PM एक कम्यूनिटी प्रोग्राम में भी शामिल हुए थे। मौके को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘भारत से यहां पहुंचने में आपको चार घंटे लगते हैं, किसी भारतीय प्रधानमंत्री को कुवैत आने में चार दशक लग गए।’ पीएम ने कहा कि ‘आप सभी भारत के अलग-अलग हिस्सों से आए हैं, लेकिन आप सभी को देखकर ऐसा लग रहा है, जैसे एक ‘मिनी इंडिया’ यहां इकट्ठा हो गया है।’ उन्होंने कहा, ‘हर साल सैकड़ों भारतीय कुवैत आते हैं; आपने कुवैत के समाज में भारतीयता का तड़का लगाया।’
उन्होंने आगे कहा कि यहां मैं अलग ही अपना पन महसूस कर रहा हूं। कुवैत में मेरे सामने मिनी हिंदुस्तान नजर आ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि मेरे लिए निजी रूप से यह पल बहुत खास है। भारतीय कुवैत की अगली पीढ़ी को मजबूत कर रहे हैं। हमारा वर्तमान ही नहीं बल्कि हमारा अतीत भी हमे जोड़ता है।
PM मोदी के संबोधन की मुख्य बातें..
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुवैत में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और कुवैत अरब सागर के दो किनारों पर बसे हैं और हमें सिर्फ डिप्लोमेसी ने ही नहीं, बल्कि दिलों ने आपस में जोड़ा है।
- प्रधानमंत्री ने कुवैत के व्यापारी अब्दुल लतीफ अल-अब्दुल रज्जाक की किताब ‘हाउ टू कैल्कुलेट पर्ल वेट’ का उल्लेख किया, जो मुंबई में प्रकाशित हुई थी।
- कुवैत और गुजरात के बीच पुराने व्यापारिक संबंधों का उल्लेख किया, विशेष रूप से 19वीं शताब्दी में कुवैत से व्यापारी सूरत आने लगे थे। कुवैती व्यापारियों ने गुजराती भाषा में कई किताबें प्रकाशित कीं।
- प्रधानमंत्री मोदी के कुवैत दौरे पर प्रवासी भारतीयों ने खुशी जताई, और पीएम को दूरदर्शी नेता बताया।
- पीएम मोदी ने कुवैत में 101 वर्षीय पूर्व आईएफएस अधिकारी मंगल सैन हांडा से मुलाकात की।
- पीएम मोदी कुवैत के मजदूर कैंप का दौरा करेंगे, जहां जून में आग लगने से 45 भारतीयों की मौत हो गई थी।
- कुवैत के बायन पैलेस में पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर मिलेगा, और वे अमीर शेख तथा क्राउन प्रिंस के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
- महाभारत के अरबी ट्रांसलेटर्स अब्दुल्ला अल बरून और अब्दुल लतीफ अल नेसेफ से भी उन्होंने मुलाकात की। मोदी ने दोनों की सराहना की और उनकी पुस्तक पर हस्ताक्षर भी किया। पीएम ने यह भी कहा कि उन्होंने ग्रेट काम किया है।

