Home » DOCTORS ARRESTED IN PATNA : होली से पहले शराब पार्टी करना पड़ा महंगा, बिहार के तीन डॉक्टर गिरफ्तार

DOCTORS ARRESTED IN PATNA : होली से पहले शराब पार्टी करना पड़ा महंगा, बिहार के तीन डॉक्टर गिरफ्तार

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना : बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब पार्टी का सिलसिला जारी है। हाल ही में पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक रिजॉर्ट में छापेमारी कर तीन मशहूर डॉक्टरों को शराब पार्टी करते हुए गिरफ्तार किया। यह घटना शनिवार रात की है, जब पुलिस को सूचना मिली थी कि जानीपुर स्थित नकटी भवानी के पास एक रिजॉर्ट में शराब पार्टी हो रही है, जिसमें बार-बाला भी शामिल थीं।

गिरफ्तार डॉक्टरों की पहचान

पुलिस ने जब रिजॉर्ट में पहुंचकर छापेमारी की, तो तीन डॉक्टर शराब पीते हुए पकड़े गए। इनकी पहचान डॉ. अजय कुमार, डॉ. रणविजय कुमार और डॉ. संदीप कुमार के रूप में हुई है। डॉ. अजय कुमार समस्तीपुर के निवासी हैं और पटना में एक अस्पताल चलाते हैं। डॉ. रणविजय कुमार भी समस्तीपुर के रहने वाले हैं, जबकि डॉ. संदीप कुमार छपरा के निवासी बताए जा रहे हैं।

एसपी का बयान

जानीपुर थाना के थानाध्यक्ष बलबीर सिंह के अनुसार, तीनों डॉक्टरों को शराब पीते हुए पकड़ा गया और उनकी मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हो गई। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। हालांकि कुछ अन्य लोग, जिनके शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई, उन्हें छोड़ दिया गया है। पटना के सीनियर एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना पर की गई थी। पुलिस रिजॉर्ट के मालिक और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

अवकाश कुमार ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक रिजॉर्ट में शराब की पार्टी चल रही है। इसी सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की और तीन लोगों को हिरासत में लिया है। शराब की बोतल भी बरामद की गई है। मामले में डीएसपी फुलवारी शरीफ जांच कर रहे हैं।

शराबबंदी कानून

बिहार में पिछले 9 सालों से पूर्ण शराबबंदी लागू है। शराबबंदी कानून के तहत, शराब पीने या बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है। शराबबंदी कानून के तहत, पहले शराब पीने वालों को सीधा जेल भेजा जाता था, लेकिन अप्रैल 2022 में इस कानून में बदलाव किया गया। अब पहली बार शराब पीकर पकड़े जाने वाले लोगों को 2000 से 5000 रुपये तक का जुर्माना भरकर सजा से बचने का प्रावधान किया गया है।

भोजपुर में शराब तस्करी का नया तरीका

इस बीच, भोजपुर में होली के मौके पर शराब तस्करी का एक नया तरीका सामने आया है। मद्य निषेध विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जो पुलिस की वर्दी पहनकर शराब तस्करी कर रहा था। आरोपी की पहचान आरके पराशर के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बलिया से सफारी ब्रांड की कार में शराब लादकर छपरा जा रहा था।

Read Also- होली कब? कन्फ्यूजन हो गया दूर, बिहार में इस दिन मनाया जाएगा रंगों का त्योहार

Related Articles