Home » बिहार में सियासी गतिरोध जारी : तेजस्वी यादव के इस्तीफे की मांग को लेकर BJP ने विधानसभा में हंगामा, जानें फिर क्या बोले स्पीकर

बिहार में सियासी गतिरोध जारी : तेजस्वी यादव के इस्तीफे की मांग को लेकर BJP ने विधानसभा में हंगामा, जानें फिर क्या बोले स्पीकर

by Rakesh Pandey
बिहार में दोनों सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

स्टेट डेस्क, पटना : बिहार में सियासी जंग जारी है। मानसून सत्र के तीसरे दिन बिहार विधानसभा में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के इस्तीफे की मांग को लेकर भारी हंगामा हुआ। सदन में अंकसूची प्रश्नों के बाद तारांकित प्रश्नों का जवाब देने की कार्रवाई शुरू हुई। इसी दौरान BJP विधायकों ने विरोध करना शुरू कर दिया। वह तेजस्वी यादव का त्यागपत्र मांग रहे थे। भाजपा के विधायकों ने कुर्सियां तक उठा लीं।

सदन के अंदर पोस्टर दिखाये गये। विधानसभा अध्यक्ष ने पोस्टर हटाने का आदेश दिया। स्पीकर ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आप लोग इस तरह का आचरण कीजिएगा तो मुझे कार्रवाई करनी पड़ेगी। इसके बाद स्पीकर ने सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी।

बिहार विधानसभा में कब शुरू हुआ हंगामा

उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ग्रामीण कार्य विभाग से जुड़े सवाल का जवाब देने के लिए खड़े हुए। इसी दौरान भाजपा विधायकों ने विरोध शुरू कर दिया। भाजपा विधायक वेल में पहुंच कर तेजस्वी यादव को पोस्टर दिखाने लगे। भाजपा विधायक तेजस्वी यादव से इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

स्पीकर ने वेल में पोस्टर लहरा रहे भाजपा सदस्यों से पोस्टर लेने का आदेश दिया। इसी दौरान भाजपा के नीरज बबलू ने कुर्सी उठा लिया। इसपर स्पीकर ने चेतावनी देते हुए कहा कि आप पूर्व में सरकार के मंत्री रहे हैं। यदि ऐसा आचरण करेंगे तो हमें कार्रवाई करने पर बाध्य होना पड़ेगा।

क्यों मांगा जा रहा इस्तीफा

CBI की ओर से लैंड फॉर जॉब केस में चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद से भाजपा हमलावर है। वह लगातार सत्तापक्ष पर दबाव बनाते हुए उपमुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही है। नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने आज विधानसभा में मौजूद सीएम नीतीश कुमार से पूछा कि कहां गई आपकी जीरो टॉलरेंस की नीति, आपने भ्रष्टाचार से क्यों समझौता किया ? नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने सदन में कहा कि इतने कम उम्र में तेजस्वी यादव इतनी संपत्ति के मालिक कैसे बने।

सिन्हा ने कहा कि मैं आसन का सम्मान करता हूं। नेता विरोधी दल के बोलने की परंपरा रही है। इसलिए यह सवाल किया जा रहा है। यहां मुख्यमंत्री बैठे हुए हैं, जवाब दें। शिक्षकों को समान वेतन देने की बात कहने वाले आज क्यों मौन है? किसान सलाहकार आज पटना में प्रदर्शन कर रहे हैं तो उनपर लाठीचार्ज हो रहा है। ज्ञात हो कि पिछले जदयू और बीजेपी की सरकार में विजय सिन्हा विधानसभा अध्यक्ष थे।

Read Also : GST काउंसिल की बैठक में आपके लिए क्या रहा खास : घर खरीदना सस्ता हुआ या महंगा, देखें पूरी लिस्ट

 

Related Articles