Home » Jamshedpur News : पोटका के बर्गीकोचा गांव में चेचक जैसे लक्षणों से दहशत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Jamshedpur News : पोटका के बर्गीकोचा गांव में चेचक जैसे लक्षणों से दहशत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Jharkhand Hindi News : सीएचसी पोटका की चिकित्सा टीम गांव पहुंची और प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य जांच शुरू की। स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों की पहचान कर उपचार और निगरानी की प्रक्रिया तेज कर दी

by Rakesh Pandey
Jamshedpur News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : पोटका प्रखंड अंतर्गत हेंसल आमदा पंचायत के बर्गीकोचा गांव में चेचक जैसे लक्षणों वाली बीमारी सामने आने के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। पिछले कुछ दिनों में गांव के कई लोगों में तेज बुखार और शरीर पर दाने निकलने जैसे लक्षण पाए गए हैं। इसी बीच एक 50 वर्षीय ग्रामीण की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष निगरानी और जांच अभियान शुरू कर दिया है।

ग्रामीणों के अनुसार, बीमारी के लक्षण सामने आने के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने और उपचार शुरू होने के बाद स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।

एक ग्रामीण की मौत के बाद बढ़ी सतर्कता

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी हरिश्चंद्र पुरान सबसे पहले इस बीमारी की चपेट में आए थे। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद 2 जून को मौत हो गई। इसके बाद उनके परिवार के अन्य सदस्यों सहित ग्राम प्रधान गौरांग पुरान और कई अन्य ग्रामीणों में भी समान लक्षण दिखाई देने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोटका की चिकित्सा टीम गांव पहुंची और प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य जांच शुरू की। स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों की पहचान कर उपचार और निगरानी की प्रक्रिया तेज कर दी।

स्वास्थ्य विभाग का दावा, स्थिति नियंत्रण में

सीएचसी पोटका की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनी महाकुड़ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के कारण स्थिति अब काफी हद तक नियंत्रण में है। अधिकांश प्रभावित लोग स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि कुछ मरीजों को निगरानी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा गांव में घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया गया है। इसका उद्देश्य बीमारी के संभावित प्रसार को रोकना और समय रहते प्रभावित लोगों की पहचान करना है।

दूषित पेयजल को माना जा रहा संभावित कारण

प्राथमिक जांच में स्वास्थ्य विभाग ने दूषित पेयजल को बीमारी फैलने का संभावित कारण माना है। अधिकारियों के अनुसार, गांव में लंबे समय से स्वच्छ पेयजल की समस्या बनी हुई थी, जिसके कारण संक्रमण फैलने की आशंका जताई जा रही है। स्थिति की जानकारी मिलने के बाद पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की टीम भी गांव पहुंची। विभाग ने खराब पड़े दो चापाकलों की मरम्मत कर उन्हें चालू कर दिया है, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

विशेष निगरानी अभियान जारी

स्वास्थ्य विभाग ने बर्गीकोचा गांव में विशेष निगरानी अभियान शुरू किया है। मेडिकल टीम लगातार ग्रामीणों की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रख रही है और लोगों को बीमारी से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी जा रही है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को उबला हुआ और स्वच्छ पानी पीने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा बुखार, शरीर पर दाने या संक्रमण के अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी है।

Read Also- Chaibasa News : चक्रधरपुर-सोनुवा मार्ग पर स्कॉर्पियो ने मोपेड को मारी टक्कर, युवक की मौत, एक गंभीर

Related Articles

Leave a Comment