जमशेदपुर : उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार समाहरणालय सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त सह उपाध्यक्ष श्री अनिकेत सचान ने की। इस बैठक में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा
बैठक में जल जीवन मिशन के तहत चल रही वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। विशेष रूप से कनास, हुरलुंग, पलासबनी, छोटा गोविंदपुर, बेको और बागबेड़ा गांवों की जलापूर्ति योजनाओं के शीघ्रता से पूरा होने का निर्देश दिया गया। इन परियोजनाओं की समयसीमा में पूर्णता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, बुरुजबनी गुहियापाल और बेको क्षेत्र में फॉरेस्ट विभाग से एनओसी प्राप्त करने के लिए वन विभाग से सीधे संपर्क कर एनओसी प्राप्त करने का आदेश दिया गया। इस संबंध में कार्यवाही को जल्द से जल्द पूरा करने का आग्रह किया गया।
चापाकल बोरिंग का कार्य
बैठक में जमशेदपुर प्रखंड के सात पंचायतों में प्रति पंचायत 10 चापाकल बोरिंग की योजना की समीक्षा भी की गई। रेलवे से एनओसी प्राप्त करने हेतु बीडीओ से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही मार्च तक इन बोरिंगों की खुदाई और फिटिंग का कार्य पूरा करने की जिम्मेदारी कनीय अभियंता को सौंप दी गई।
एसवीएस स्कीम में प्रगति
बैठक में SVS स्कीम के तहत 5 FHTC पेंडिंग रहने के कारण हर घर नल जल योजना का कार्य पूरा नहीं हो सका है। इस पर बैठक में सभी जेई को डाटा एकत्रित कर रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया ताकि योजना को सफलतापूर्वक लागू किया जा सके। इसके अतिरिक्त, आरएमएस से संबंधित सभी योजनाओं का डाटा दो दिनों के भीतर झार जल पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की प्रगति
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की प्रगति पर भी विस्तृत चर्चा की गई। शौचालय स्वीकृति से संबंधित सभी आवेदनों को सात दिनों के अंदर एसबीएम-जी पोर्टल पर प्रविष्ट करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान मॉडल गांवों के बारे में भी बात की गई और सभी कनीय अभियंता को निर्देश दिया गया कि वे 10 दिनों के अंदर सत्यापन करते हुए प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं।
प्लास्टिक कचरा प्रबंधन
बैठक में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन इकाई के कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश भी दिया गया। इसके साथ ही, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता श्री सुनील कुमार, आदित्यपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता श्री सुमित कुमार, एई, जेई सहित अन्य संबंधित अधिकारी बैठक में उपस्थित थे और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
Read also PM Poshan Scheme : मेनू में शामिल किए जाएंगे मौसमी फल, 278 स्कूलों में बनाए जाएंगे किचन शेड

