आरा : जनसुराज अभियान के प्रमुख प्रशांत किशोर की शुक्रवार को तबीयत (Prashant Kishor Health Update) अचानक बिगड़ गई। आरा के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में आयोजित जनसभा में शामिल होने पहुंचे प्रशांत किशोर को सीने में तेज दर्द और सांस लेने में तकलीफ महसूस हुई। जानकारी के अनुसार, उनकी गाड़ी का दरवाजा भीड़ में दबने के दौरान सीने पर चोट लगने से यह समस्या उत्पन्न हुई।
सभा शुरू होने से पहले ही प्रशांत किशोर को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों ने उन्हें एक्स-रे, HRCT, ईको और ईसीजी जांच कराने की सलाह दी है।
Prashant Kishor Health Update : कार्यक्रम के दौरान अचानक तबीयत क्यों बिगड़ी?
प्रशांत किशोर हेलीकॉप्टर से आरा पहुंचे थे और अपने समर्थकों के साथ पैदल यात्रा करते हुए स्टेडियम की ओर बढ़ रहे थे। तभी एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश में उनकी गाड़ी का गेट खुला और सीधा उनके सीने से टकरा गया। उन्होंने दर्द को छिपाते हुए मंच तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही वह लोगों को संबोधित करने खड़े हुए, तेज दर्द के कारण वह लड़खड़ा गए।
जनसभा रद्द, समर्थकों में मायूसी
तत्काल उन्हें मंच से उतारकर इलाज के लिए निजी क्लीनिक ले जाया गया। सभा को बिना संबोधन के रद्द करना पड़ा, जिससे भारी संख्या में जुटे समर्थकों में निराशा फैल गई। जनसुराज के भोजपुर जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि सभा को स्थगित कर दिया गया है और प्रशांत किशोर की स्थिति अब स्थिर है। उन्हें पटना में बेहतर इलाज के लिए शिफ्ट कर दिया गया है।
डॉक्टरों ने बताया कि आरा अस्पताल में उनका सीटी स्कैन कराया गया है और दर्द को नियंत्रित करने के लिए इंजेक्शन भी दिया गया है।

