रामगढ़ : शहर के तीन किशोर दामोदर नदी के गहरे पानी में समा गए। डूबने से दो की मौत हो गई, जबकि एक को बचा लिया गया। आठ घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को नदी से निकाला गया।
घटनास्थल पर रामगढ़ अंचल अधिकारी रमेश रविदास ने बताया कि रामगढ़ शहर के मेन रोड, सुभाष चौक निवासी बबलू सोनकर का 14 वर्षीय पुत्र प्रिंस सोनकर और बिजुलिया तालाब के अयोध्या नगर निवासी दीपक कुमार वर्मा का 14 वर्षीय पुत्र वैभव अपने एक अन्य साथी बंगाली टोला निवासी आयुष के साथ नहाने दामोदर नदी गए हुए थे।
गढ़बांध के पास बने चेकडैम में उन लोगों ने नहाना शुरू किया। इसी दौरान वे नदी में गिर गए। देखते ही देखते तीनों किशोर नदी के गहरे पानी में समा गए। वहां पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और आयुष को डूबने से बचा लिया। लेकिन प्रिंस और वैभव को नहीं बचाया जा सका।
पतरातू के गोताखोरों ने निकाले शव
रमेश रविदास ने बताया कि जब किशोर डूब रहे थे, उस समय वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। घंटों तलाश के बाद भी जब वे सफल नहीं हो पाए तो पतरातू से चार गोताखोरों को बुलाकर नदी में तलाश शुरू की गई। लगभग 8 घंटे तक चली तलाश के बाद सबसे पहले वैभव का शव निकाला गया। इसके लगभग 1 घंटे बाद प्रिंस का शव निकाला गया।
सूचना मिलने पर दामोदर परिजन नदी तट पर पहुंचे। उनकी चीत्कार से वहां माहौल पूर्णतः गमगीन हो गया। कोई बच्चों की मां को सांत्वना दे रहा था, तो कोई उसके पिता को ढांढस बंधाने में लगा था। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। रामगढ़ अंचल अधिकारी रमेश रविदास ने बताया कि बच्चों के स्वजनों को सरकारी प्रावधानों के अनुरूप सहायता प्रदान की जाएगी।

