रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ में नगर परिषद चुनाव के लिए सुबह 7:00 बजे से मतदान प्रक्रिया जारी है। शुरुआती दो घंटों में मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही, लेकिन तीसरे घंटे तक पहुंचते-पहुंचते मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, पहले दो घंटे में 10.39 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। वहीं तीन घंटे पूरे होने तक यह आंकड़ा बढ़कर 25 प्रतिशत तक पहुंच गया। इससे स्पष्ट है कि मतदाताओं में चुनाव को लेकर उत्साह बना हुआ है।


सुरक्षा के कड़े इंतजाम, अधिकारियों का निरीक्षण
रामगढ़ जिला प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। उपायुक्त फ़ैज़ अक अहमद मुमताज, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी और उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी लगातार विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।
अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता, सुरक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो।

मतपत्र से मतदान, मतदाताओं को लग रहा अधिक समय
इस चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के बजाय मतपत्र से मतदान कराया जा रहा है। अध्यक्ष और वार्ड पार्षद के लिए अलग-अलग मतपत्र होने के कारण मतदाताओं को मतदान में अपेक्षाकृत अधिक समय लग रहा है।
कुछ मतदाताओं ने बताया कि दो अलग मतपत्रों में मतदान की प्रक्रिया को समझने और सही ढंग से चिह्नित करने में अतिरिक्त समय लग रहा है। इसके बावजूद मतदान केंद्रों पर लगातार मतदाताओं की कतारें देखी जा रही हैं।
शांतिपूर्ण तरीके से जारी मतदान
समाचार लिखे जाने तक किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बल तैनात हैं और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। प्रशासन का अनुमान है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और वृद्धि हो सकती है। अंतिम आंकड़े मतदान समाप्ति के बाद जारी किए जाएंगे।

