
रांची : सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले के 1 लाख 86 हजार 669 लाभुकों के बैंक खातों में सितंबर माह की पेंशन राशि भेज दी गयी है। डीबीटी के माध्यम से प्रत्येक लाभुक के खाते में एक हजार रुपये की दर से कुल 18 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपये हस्तांतरित किये गये हैं। जिला प्रशासन के अनुसार पेंशन राशि सीधे लाभुकों के बैंक खाते में भेजी गयी है।
सितंबर माह में सबसे अधिक लाभुक मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के हैं। इस योजना के 1 लाख 85 हजार 894 लाभुकों के खाते में राशि भेजी गयी है। इसके अलावा मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना के 318, मुख्यमंत्री राज्य एचआईवी/एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना के 454 तथा मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत तीन ट्रांसजेंडर लाभुकों को पेंशन का भुगतान किया गया है।
जिन लाभुकों के बैंक खाते में सितंबर माह की पेंशन राशि नहीं पहुंची है, उन्हें अपने बैंक खाते से आधार सीडिंग कराना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने ऐसे लाभुकों से बैंक खाते को आधार से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा है, ताकि आगे पेंशन राशि के भुगतान में परेशानी नहीं हो। विभागीय स्तर पर लाभुकों को योजना का लाभ नियमित रूप से उपलब्ध कराने के लिए भुगतान प्रक्रिया डीबीटी के माध्यम से जारी रखी जा रही है।

