RANCHI: होली से पहले राजधानी में नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुख्यात ब्राउन शुगर तस्कर रॉकी यादव उर्फ प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के चूड़ी गली से की गई। बताया जा रहा है कि होली के मौके पर बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर की बिक्री की तैयारी चल रही थी। इसी बीच सूचना एसएसपी राकेश रंजन को दी गई। सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर प्रशिक्षु आईपीएस साक्षी जमुआर और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से ब्राउन शुगर बरामद की है।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी शहर के विभिन्न इलाकों में नशे की सप्लाई करता था और त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने पर सक्रिय हो जाता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

