RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची के ब्लेयर अपार्टमेंट में देर रात हुई घटना ने सबको चौंका दिया है। छठे तल्ले की बालकनी से कूद कर 55 वर्षीय व्यवसायी अनुराग सरावगी ने सुसाइड कर लिया है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे अपार्टमेंट परिसर को घेर कर जांच शुरू कर दी। एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं। इस दौरान सिटी एसपी और कोतवाली डीएसपी भी मौके पर मौजूद रहे और जांच प्रक्रिया की निगरानी की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। शुरुआती जांच में यह जानकारी सामने आई है कि छलांग लगाने से ठीक पहले अनुराग सरावगी किसी से मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहे थे। हालांकि अब तक घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले को सभी पहलुओं से जांच रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व कॉल डिटेल के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

