खलारी : खलारी थाना क्षेत्र के CCL की चूरी परियोजना के गेट के पास सोमवार को तड़के 10:45 बजे एक होटल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए छह नकाबपोश अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
होटल में बैठे कोयला लिफ्टर और CCL कर्मियों के बीच भगदड़ मच गई। जान बचाकर भागने के क्रम में CCL कर्मी प्रदीप साव के पैर में गोली लग गई। घायल प्रदीप को डकरा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रांची गांधीनगर अस्पताल भेज दिया गया।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। गोलीकांड के बाद चूरी परियोजना से कोयला उठाव बंद कर दिया गया है। बताया जाता है कि अपराधियों ने कोयला लिफ्टरों से लेवी वसूलने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया।
सूचना मिलने के बाद खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी अन्य पुलिस कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। अपराधियों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में नाकेबंदी कर सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है।

