RANCHI: रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने सोमवार को प्राइवेट स्कूलों के प्रिंसिपल और प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान पैरेंट्स और स्टूडेंट्स से प्राप्त शिकायतों पर स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगा गया और कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए। डीसी ने कहा कि जिन स्कूलों की शिकायतें मिली है उन्हें नोटिस भेजा गया है। इसका जवाब उन्हें तय समय में देना है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि एक्ट का उल्लंघन करने वालों पर अब कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिनों का अल्टीमेटम
डीसी ने कहा कि सभी स्कूलों में पैरेंट्स टीचर एसोसिएशन का गठन अनिवार्य होगा और इसकी सूचना तीन दिनों के भीतर देनी होगी। इसके साथ ही सभी स्कूलों को फी रेगुलटेरी कमिटी के गठन की भी जानकारी 20 अप्रैल तक देने को कहा गया। इससे पहले स्कूलों को फी रेगुलेटरी कमिटी की बैठक कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में फीस में 10% से अधिक बढ़ोतरी नहीं करना है। फीस बढ़ोतरी कम से कम दो साल के अंतराल पर किया जाएगा। स्कूलों को 20 अप्रैल तक पिछले तीन सालों और चालू सत्र की फीस का पूरा विवरण जमा करना होगा।
एग्जाम से रोकना भी एक्ट का उल्लंघन
डीसी ने कहा कि किसी स्टूडेंट को फीस बकाया के नाम पर परीक्षा में शामिल होने से रोकना फंडामेंटल राइट्स का उल्लंघन है। इतना ही नहीं ह्यूमन राइट्स और चाइल्ड राइट्स उल्लंघन में भी आता है। किताबों और यूनिफॉर्म के लिए नए नियम भी लागू करने का निर्देश दिया। स्कूलों को पूरी किताबों की लिस्ट जिला शिक्षा विभाग में जमा करनी होगी। एनसीईआरटी के अलावा अन्य किताबों के लिए स्टूडेंट्स पर दबाव नहीं बनाया जाएगा और किताबें केवल न्यूनतम लागत पर उपलब्ध कराई जाएंगी। यूनिफॉर्म में बदलाव केवल पीटीए की सहमति से होगा और कम से कम पांच वर्षों तक एक ही यूनिफॉर्म चलेगा।
ट्रांसपोर्ट शुल्क में नहीं चलेगी मनमानी
उन्होंने कहा कि परिवहन व्यवस्था में भी निगरानी की जाएगी। उन्होंन कहा कि स्कूल बसों में सीसीटीवी, जीपीएस और फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य होंगे और बस शुल्क भी स्कूल फीस वृद्धि की तर्ज पर होगा। उन्होंने कहा कि गाड़ियों की फिटनेस, टैक्स, यूनिफार्म में ड्राइवर-कंडक्टर होंगे। इसके अलावा सेफ्टी, फायर एक्सटिंग्विशर की भी व्यवस्था करनी होगी। साथ ही एक फीमेल अटेंडेंट भी बसों में रहेंगी। सीसीटीवी से बसों में झड़प की शिकायतों पर सही जानकारी मिल सकेगी।
ऐसे दर्ज करा सकेंगे शिकायत
पैरेंट्स अपनी शिकायतें 9430328080 या वेबसाइट के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। जिला प्रशासन को अब तक 100 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं। डीसी ने स्कूलों को 20 अप्रैल तक जवाब देने और 21 अप्रैल को अगली बैठक में स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। सभी शिकायतों का निपटारा 60 दिनों के भीतर होगा और निर्णय स्कूल की वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाएगी। इसके अलावा स्कूलों को कार्रवाई की पूरी डिटेल भी नोटिस बोर्ड पर लगानी होगी। डीसी ने कहा कि नियमों के पालन के लिए यह कदम उठाए गए है।
इन नियमों का करना होगा पालन
- 5 साल से पहले बुक और यूनिफार्म में नहीं कर सकेंगे बदलाव, पैरेंट्स टीचर एसोसिएशन (पीटीए) की लेनी होगी अनुमति
- नए शुल्क भी 10 परसेंट से ज्यादा नहीं बढ़ा सकेगा स्कूल प्रबंधन
- ट्रांसपोर्ट फी में भी मनमानी पर लगेगी रोक
- यूज्ड बुक्स की कंडिशन ठीक तो दूसरे बच्चे कर सकेंगे इस्तेमाल
- एडमिशन फार्म के नाम पर 2-3 हजार वसूलने वालों पर होगा एक्शन
- 50-100 रुपए तक एडमिशन फार्म का रखना होगा चार्ज
- बच्चों को फीस बकाया पर एग्जाम में शामिल होने से रोकना नियमों का उल्लंघन
- बुक्स की लिस्ट, पब्लिशर और प्राइस लिस्ट भी क्लास वाइज मांगा गया स्कूल प्रबंधन से
- किसी भी स्कूल ने पत्र जारी करने के बाद भी जिला प्रशासन को नहीं दी जानकारी
- 20 अप्रैल से पहले स्कूलों में फी रेगुलेटरी कमिटी की बैठक कराने का निर्देश
- पिछले तीन साल और चालू वर्ष की एडमिशन से लेकर पूरी डिटेल उपलब्ध कराने का निर्देश
- 20 अप्रैल को 5 बजे तक स्कूलों को आनलाइन-आफलाइन जमा कराना है डॉक्यूमेंट
- एडमिशन, रीएडमिशन, एनुअल फीस, डेवलपमेंट फीस के नाम पर पैसे लेने वाले स्कूलों को नोटिस
- क्वार्टरली फीस की जगह पैरेंट्स को फ्लेक्सी आप्शन देने का निर्देश
इन स्कूलों के खिलाफ कंप्लेन
सेंट एंथोनी स्कूल डोरंडा-एनुअल चार्ज 12000, डेवलपमेंट फंड 6000, स्मार्ट क्लास 1500, बुक्स 7000
सच्चिदानंद ज्ञान भारती मॉडल स्कूल, डोरंडा-क्लास 2 में रीएडमिशन के नाम पर 7750 रुपए, कापी किताब के लिए 5801 रुपए
मेटास एडवेंटिस्ट स्कूल-क्लास 1 मंथली फीस 2500, 26-27 सेशन क्लास 2 मंथली फीस 3150 और रीएडमिशन फी 9500
कैंब्रियन पब्लिक स्कूल, कांके-अप्रैल में स्कूल फीस 16640 मांगा गया। एक्टिविटी एंड स्पोर्ट्स 1000, बस फी 2100, कंप्यूटर फीस 300. डेवलपमेंट फीस 5000, आईकार्ड-एल्मानक 500, इंप्रेस्ट 2000, लाइब्रेरी फीस 1000, मैगजीन फीस 350, मेडिकल फीस 300, प्लानर एंड फोटो 500, एसएमस फी 1000, ट्यूशन फीस 2590
शारदा ग्लोबल स्कूल-एडमिशन के लिए 80000, जिसमें 15 हजार सिक्योरिटी मनी और 15000 एनुअल फीस

