पलामू : झारखंड के पलामू जिले में रिश्तों को शर्मिंदा करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के सुआ कौड़ियां गांव में ममेरे भाई ने कथित प्रेम संबंध में विवाद के बाद अपनी बहन की टांगी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।
रात में विवाद, सुबह रेलवे ट्रैक पर मिला शव
जानकारी के अनुसार, मृतक बिट्टू कुमार सिंह और खुशबू कुमारी के बीच रविवार रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों एक ही कमरे में सोए हुए थे। इसी दौरान गुस्से में आकर बिट्टू ने घर में रखी टांगी से खुशबू पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद वह घर से फरार हो गया। सोमवार को सुबह में उसका शव रेलवे ट्रैक से बरामद हुआ, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी खुशबू
बताया गया कि खुशबू कुमारी अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
प्रेम संबंध में विवाद की बात आई सामने
सदर थाना प्रभारी लालजी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आपसी प्रेम संबंध में हुए विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। परिजनों ने भी बताया कि घटना के बाद बिट्टू ने आत्महत्या करने की बात कही थी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी बरामद कर ली है और पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

