RANCHI: प्रकृति पर्व सरहुल पर लोगों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम ने विशेष व्यवस्था की है। शनिवार 21 मार्च को निकलने वाली शोभायात्रा में शामिल होकर लौटने वाले लोगों के लिए निःशुल्क नगर बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। नगर निगम 10 प्रमुख मार्गों पर बसों का संचालन करेगा, जिससे शहर के विभिन्न हिस्सों से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को आसानी होगी। ये सभी बसें यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने का कार्य करेंगी।
निर्धारित मार्गों में रामपुर बाजार, कांके-बोड़या, बीआईटी मेसरा, तुपुदाना, कटहल मोड़, पंडरा बाजार समिति, धुर्वा गोलचक्कर, जगन्नाथपुर, खेलगांव मोड़ और टाटीसिल्वे से सिरमटोली चौक तक की सेवाएं शामिल हैं। यह व्यवस्था विशेष रूप से शोभायात्रा के बाद लौटने वाले लोगों के लिए की गई है ताकि भीड़भाड़ के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके अतिरिक्त 5 सिटी बसों को सरकारी बस स्टैंड में आकस्मिक सेवा के लिए रिजर्व रखा गया है। जरूरत पड़ने पर इन बसों को तुरंत संचालन के लिए लाया जाएगा। इस सेवा में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को प्राथमिकता देने की भी बात कही गई है। नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और सरहुल पर्व को सुरक्षित व व्यवस्थित तरीके से मनाएं।

