Ranchi: झारखंड सरकार ने झारखंड लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को राहत दे दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घोषणा की है कि परीक्षा के लिए पात्रता की कट ऑफ तिथि अब 1 अगस्त 2022 मानी जाएगी। सीएम ने यह ऐलान शनिवार को विधानसभा में किया।

इस निर्णय से उन हजारों उम्मीदवारों को लाभ मिलेगा जो पहले तय की गई तिथि की वजह से आयु की शर्तों को पूरा नहीं कर पा रहे थे। सूत्रों के मुताबिक हाल की कैबिनेट मीटिंग में कार्मिक विभाग ने जेपीएससी की उम्र की गणना करने की कट ऑफ डेट साल 2023 रखी थी। लेकिन, अब इस पर फैसला टल गया है।
20 फरवरी थी आवेदन करने की आखिरी तारीख
उल्लेखनीय है कि जेपीएससी परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 20 फरवरी को समाप्त हो चुकी है। नई तिथि लागू होने के बाद संभावना जताई जा रही है कि यह तिथि आगे बढ़ाई जाएगी। ताकि, कट ऑफ डेट में परिवर्तन के बाद जो युवक उम्र की पात्रता शर्त को पूरा कर रहे हैं, वह भी आवेदन कर सकें। गौरतलब है कि कई छात्र संगठनों ने कट ऑफ डेट 1 अगस्त साल 2018 करने की मांग की थी।
संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा को लेकर हाईकोर्ट में मामला
दूसरी तरफ संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा 2025 को लेकर आयु सीमा का विवाद चल रहा है। झारखंड उच्च न्यायालय ने इसमें हस्तक्षेप किया है। न्यायमूर्ति आनंद सेन की कोर्ट ने याचिकाकर्ता अभ्यर्थियों को ऑफलाइन आवेदन करने की अनुमति देने का निर्देश दिया है। लगभग 200 से अधिक उम्मीदवारों ने अधिकतम आयु सीमा को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में रिट दायर की थी। इनका तर्क है कि परीक्षाएं नियमित रूप से नहीं होने की वजह से कई पात्र उम्मीदवार आयु सीमा पार कर चुके हैं। इसलिए उन्हें छूट दी जानी चाहिए।
Read Also- Jharkhand Supplementary Budget : पंचायतों को पहली बार 605 करोड़, ग्रामीण विकास को नई गति

