Home » RANCHI NEWS: जलप्रपात और पिकनिक स्पॉट पर पर्यटकों की भीड़ को लेकर जिला प्रशासन ने कसी कमर, कर रखी है ऐसी तैयारी

RANCHI NEWS: जलप्रपात और पिकनिक स्पॉट पर पर्यटकों की भीड़ को लेकर जिला प्रशासन ने कसी कमर, कर रखी है ऐसी तैयारी

by Vivek Sharma
वाटर फॉल
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: नववर्ष के मौके पर पर्यटकों की भीड़ और संभावित हादसों को देखते हुए रांची व खूंटी जिला प्रशासन ने प्रमुख जलप्रपातों के साथ पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रशासन का उद्देश्य नए साल का जश्न मनाने आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। फॉल्स की प्रबंधन समितियों के साथ हुई बैठक में जिला प्रशासन ने कई अहम निर्देश दिए है। समिति के सदस्यों को झरनों के खतरनाक क्षेत्रों की पहचान कर वहां पेंट से निशान लगाने और लाल रिबन से घेराबंदी करने को कहा गया है। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति में त्वरित बचाव कार्य के लिए रस्सी और ट्यूब जैसी आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।

आसपास है कई पर्यटन स्थल

रांची जिले के आसपास कई लोकप्रिय पर्यटन और पिकनिक स्थल मौजूद हैं। जिनमें जोन्हा फॉल्स, हुंडरू फॉल्स, दसम फॉल्स, पतरातू डैम और गेतलसूद डैम प्रमुख हैं। वहीं खूंटी जिले में रिमिक्स फॉल्स, रानी फॉल्स और पंचघाघ फॉल्स सैलानियों की पहली पसंद बने हुए हैं। हर साल नए साल के दौरान इन स्थानों पर भारी संख्या में लोग पहुंचते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें, खतरनाक स्थानों पर न जाएं और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन का सहयोग करें।

पुलिस ने कर ली तैयारी

प्रशासन ने पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने, शराब के सेवन पर रोक लगाने और प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया गया है। जिससे की सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। रांची ग्रामीण एसपी के अनुसार प्रमुख जलप्रपातों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है और पर्यटन स्थलों को जाने वाले मार्गों पर नियमित गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि पिठोरिया से पतरातू मार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा, क्योंकि इस मार्ग पर अक्सर युवा बाइक से स्टंट करते हैं। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं।

जलप्रपातों पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम

पर्यटकों को झरनों के गहरे पानी में न जाने की चेतावनी देने के लिए जलप्रपातों पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम की भी व्यवस्था की गई है। वहीं, ‘पर्यटक मित्रों’ को विशेष रूप से प्रशिक्षित और संवेदनशील किया गया है ताकि वे सैलानियों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर तुरंत कार्रवाई कर सकें। रांची के अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार के अनुसार संबंधित सर्किल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित पर्यटन स्थलों पर दंडाधिकारी के रूप में कार्य करेंगे और नियमित गश्त सुनिश्चित करेंगे। वहीं खूंटी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने कहा कि जिले के पिकनिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।

Related Articles