रांची : रांची नगर निगम द्वारा अवैध वाटर कनेक्शन और जार वाटर बॉटलिंग प्लांट्स पर सख्त कार्रवाई जारी है। निगम क्षेत्र में अवैध रूप से वाटर कनेक्शन को चिन्हित कर नियमित करने तथा अवैध जार वाटर प्लांट्स पर नियंत्रण हेतु गठित विशेष धावा दल ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। धावा दल नगर निगम क्षेत्र में संचालित 8 अवैध जार वाटर बॉटलिंग प्लांट्स को नोटिस जारी किया गया है। इन प्लांट संचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे सात दिनों के भीतर सभी संबंधित वैध दस्तावेज निगम कार्यालय में प्रस्तुत करें। ऐसा न करने पर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए प्लांटों को सील कर दिया जाएगा। कैफ आरओ पानी, सुश्री सुधा जल, एक्वा सॉल्यूशन आरओ वॉटर, चन्द्रमा निर्मल जल, प्रतीक कुजूर, डॉ हरिनाथ महतो, पूजा आरओ जल, कांति कुमारी (अदिति इंटरप्राइजेज) को नोटिस जारी किया गया है।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई लोगों को सुरक्षित और गुणवत्ता वाला पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है। अवैध कनेक्शन से न केवल जल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि जल स्रोतों पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है। नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसे प्लांट्स की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

