RANCHI: रांची नगर निगम ने राज्य स्थापना दिवस से पूर्व पूरे शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। इस दौरान राजधानी की प्रमुख सड़कों से युद्धस्तर पर अतिक्रमण हटाया। वहीं दुकानें जब्त भी की गई थी। लेकिन कुछ दिनों के बाद ही व्यवस्था बेपटरी हो गई है। रोड किनारे फिर से वेंडरों ने कब्जा जमा लिया है। फुटपाथ पर उन्होंने पूरी तरह से कब्जा कर लिया है। इस वजह से पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। वहीं हर समय उन्हें गाड़ियों से धक्का लगने का डर सताता रहता है। बता दें कि हाई कोर्ट ने भी राजधानी को जाम मुक्त बनाने को लेकर नगर निगम को फटकार लगाई थी।
बोलार्ड को भी हटा दिया वेंडरों ने
रोड साइड दुकान लगाने वाले वेंडरों को हटाकर नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने बड़े-बड़े बोलार्ड लगाए थे। जिससे कि वहां पर दोबारा दुकानें न लगाई जा सके। लेकिन वेंडरों का मन इतना बढ़ चुका है कि उनलोगों ने बोलार्ड को हटा दिया। इसके बाद वहीं पर दुकान लगाकर कारोबार कर रहे है। इसके बावजूद नगर निगम इन वेंडरों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। जिससे साफ है कि निगम की इंफोर्समेंट टीम अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल आई वाश करती है।

