RANCHI: रांची के खलारी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस गश्ती के दौरान अपराधियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी थी। इस गोलीबारी में तैनात हवलदार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई और एक अपराधी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। राय बुढ़मू के नजदीक जंगल के पास से उसे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अपराधी की पहचान राहुल दास हंटरगंज चतरा के रूप में हुई है। राहुल दास अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह का सदस्य है। उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा, 4 जिंदा कारतूस, 7.62 एमएम की 10 जिंदा गोलियां, सफेद रंग की मारुति सुजुकी बलेनो कार और बिना नंबर की अपाची बाइक बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि राहुल दास के खिलाफ बिहार और झारखंड के कई जिलों में संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने अपने गिरोह की गतिविधियों का खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह झारखंड और बिहार में लूट और गोलीबारी जैसी घटनाओं को अंजाम देता रहा है। फिलहाल पुलिस अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी है।

