RANCHI: राजधानी में सोमवार देर रात कचहरी चौक पर एक कार ने कई लोगों को कुचलने की कोशिश करते हुए भागने का प्रयास किया। जिन्हें रोकने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। इस घटना में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। वही कार से कुचलने के कारण कई लोग घायल हो गए हैं। बता दें कि कार में सवार युवकों ने पहले कुछ ट्रांसजेंडरों के साथ मारपीट की और एक युवक को कुचलने का प्रयास किया। इसके बाद जबरन उसे कार में बैठाकर ले जाने लगे। स्थानीय लोगों द्वारा विरोध करने पर कार चालक ने लोगों को कुचलते हुए मौके से भागने की कोशिश की।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और वरीय अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने कार का पीछा किया। कटहल मोड़ के पास पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने पुलिसकर्मियों को भी टक्कर मारने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने वाहन को रोकने के लिए फायरिंग की, जिसमें कार में सवार एक युवक को गोली लग गई।
पुलिस ने कार रोककर अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया, जबकि घायल युवक इश्तियाक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जांच में घायल युवक का का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। वहीं गुलफाम से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना में घायल अन्य लोगों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

