RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए कई नामी बार में देर रात एक साथ छापेमारी की। गुप्त सूचना के अनुसार, शहर के प्रतिष्ठित बारों में चोरी-छिपे नशे का कारोबार चल रहा था, जहां बाहर से ड्रग्स मंगाकर युवाओं को बेचा जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
इस टीम ने कार्रवाई करते हुए रातू रोड स्थित मॉल ऑफ रांची के प्रसिद्ध बार ‘लॉर्ड ऑफ ड्रिंक्स’ सहित कई अन्य स्थानों पर छापा मारा। पुलिस के अचानक पहुंचते ही बार में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद सभी लोगों की तलाशी ली गई और बार परिसर की गहन जांच की गई।
बार में मौजूद लोगों के अनुसार इस छापेमारी के दौरान पुलिस को ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया कि हाई-प्रोफाइल लोगों के साथ कई रईसजादे भी यहां ड्रग्स खरीदने पहुंचते थे। पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है और आने वाले दिनों में बड़े खुलासे होते की संभावना जताई जा रही है।

