RANCHI: रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी हैं। निकाय चुनाव के दौरान अवैध लेनदेन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को रातू थाना क्षेत्र के कटहल मोड़ स्थित चेक पोस्ट पर जांच के दौरान एक वाहन से नौ लाख रुपये कैश बरामद किए गए। मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम चुनाव को देखते हुए पुलिस ने इलाके में बैरिकेडिंग कर वाहनों की तलाशी शुरू की थी। इसी क्रम में एक संदिग्ध वाहन को रोका गया, जिसकी जांच में भारी मात्रा में नकदी मिली। पूछताछ में वाहन सवार की पहचान एक ज्वेलरी दुकान संचालक के रूप में हुई। लेकिन नकदी से जुड़े कागजात मांगने पर वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर ली। आयकर विभाग को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार मामले की आगे जांच जारी है।


